पत्नी से विवाद के बाद मासूम बेटे को लेकर टंकी पर चढ़ा पति; फेंकने की देने लगा धमकी, मच गया हड़कंप
हमीरपुर के मौदहा में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक अपने दो वर्षीय बेटे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। वह बच्चे को नीचे फेंकने की धमकी देता रहा। एसडीएम और पुलिस की 45 मिनट की समझाइश के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरा। मामला पति-पत्नी के बीच बच्चे की कस्टडी विवाद से जुड़ा है।
हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पत्नी से विवाद के बाद एक युवक अपने दो वर्षीय बेटे को लेकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया। युवक टंकी पर खड़े होकर बच्चे को बार-बार हवा में उछालते हुए नीचे फेंकने की धमकी दे रहा था। इस घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। करीब 45 मिनट तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। पुलिस के अनुसार सुमेरपुर कस्बा निवासी राजेश कुमार दुबे ने क्षेत्र की रहने वाली आरती से प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक दो वर्षीय बेटा है।
पति-पत्नी में विवाद चल रहा था
पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि आरती अब अपने पति के साथ रहने को तैयार नहीं है, लेकिन वह अपने बेटे को अपने पास रखना चाहती है। दूसरी ओर राजेश बेटे को अपने पास रखने की जिद पर अड़ा हुआ है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच लगातार तनाव बना हुआ है। रविवार को राजेश और आरती मौदहा के बड़ा चौराहा क्षेत्र पहुंचे थे। यहां दोनों के बीच फिर से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरती वहां से अपने गांव चली गई। पत्नी के जाने से नाराज राजेश अपने बेटे को लेकर पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को टंकी पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी भी अनहोनी की आशंका को देखते हुए लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बेटे को टंकी से फेंकने की धमकी देने लगा
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में एसडीएम करणवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजकुमार पांडेय भी पहुंच गए। अधिकारियों ने युवक से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पत्नी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गया। इस दौरान वह कई बार बच्चे को गोद में उठाकर हवा में उछालता रहा, जिससे नीचे खड़े लोगों की सांसें थम गईं। करीब 45 मिनट तक चले प्रयासों के बाद अधिकारियों ने किसी तरह युवक को समझाया और वह बच्चे समेत सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई।
पुलिस युवक से कर रही पूछताछ
एसडीएम करणवीर सिंह ने बताया कि दंपति के बीच बच्चे को लेकर विवाद चल रहा है। मामले में युवक से पूछताछ की जा रही है और दोनों पक्षों से बातचीत कर उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।


