5 कत्ल के बाद दोस्त के घर रखे थे खून से सने कपड़े, पुलिस को आला-ए-कत्ल भी मिला
- हत्यारोपी नईम ने एक बैग में खून से सने कपड़े और आला ए कत्ल को बंद किया और जैदी फार्म में अपने एक दोस्त के घर पर रख गया। नईम के दोस्त को जानकारी नहीं थी कि बैग में क्या है। बहाना बनाकर नईम फरार हो गया। पुलिस खोजबीन करते हुए नईम के दोस्त के घर पहुंची और बैग बरामद किया।

Meerut 5 Murder Case: यूपी के मेरठ के लिसाड़ी गेट के सुहेल गार्डन में बुधवार रात को एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या में पुलिस ने आला ए कत्ल बरामद कर लिया है। हत्यारोपी नईम ने एक बैग में खून से सने कपड़े और आला ए कत्ल को बंद किया और जैदी फार्म में अपने एक दोस्त के घर पर रख गया। नईम के दोस्त को जानकारी नहीं थी कि बैग में क्या है। इसके बाद बहाना बनाकर नईम फरार हो गया। पुलिस खोजबीन करते हुए नईम के दोस्त के घर पहुंची और बैग बरामद किया। पुलिस दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सुहेल गार्डन कॉलोनी में बुधवार देर रात मोईन, उसकी पत्नी आसमा और तीन बच्चियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। वारदात को मोईन के सौतेले भाई नईम ने ही साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। मामले में नईम वारदात के बाद से ही फरार है और उसकी तलाश में पुलिस टीम लगी है।
पुलिस ने नईम के दोस्त जैदी फार्म निवासी उस्मान के घर देर रात दबिश दी। मकान की तलाशी में एक बैग बरामद हुआ। बैग से एक कटर और बाकी कुछ कपड़े बरामद हुए हैं। इन पर खून लगा हुआ मिला है। पुलिस ने पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि नईम गुरुवार दोपहर 11.45 बजे के आसपास घर आया था। इस दौरान उस्मान अपना ई-रिक्शा लेकर गया था। वहीं, परिवार के बाकी सदस्य भी बाहर थे और घर पर उस्मान की बेटी फातिमा थी। नईम को चूंकि फातिमा जानती थी, इसलिए उसे पानी पिलाया। उस समय तक मोईन और परिवार की हत्या की जानकारी किसी को नहीं थी। नईम ने उस्मान के घर एक बैग रखा और फातिमा को बताया कि बैग को कोई नहीं छेड़े। बताया कि वह बाजार जा रहा है और बाद में आएगा। इसके बाद नईम फरार हो गया। पुलिस ने बैग को कब्जे में लिया और उस्मान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
यह भी पढ़ें: पति-पत्नी और 3 बेटियों को कत्ल से पहले किया गया था बेहोश, मौके पर मिली इस शख्स की लोकेशन
बड़ा शातिर निकला फरार नईम, हर शहर में अलग नाम और पहचान
पांच कत्ल करके फरार होने वाला नईम काफी शातिर है। आरोपी के पीछे मालेगांव पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो कई खुलासे हुए। पता चला कि तांत्रिक नईम का हर शहर में अलग नाम और अलग पहचान है। पुलिस ने फिलहाल मालेगांव में दबिश देकर नईम के एक कथित बेटे और दो सहयोगी को उठा लिया है। दूसरी ओर मलाड में भी आरोपी की दूसरी पहचान और दूसरे ठिकाने का पता चला है, हालांकि नईम अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है।
नईम की तलाश में एसओजी, सर्विलांस समेत आठ टीम को लगाया गया है। एक टीम को महाराष्ट्र के मालेगांव में भेजा गया था। पुलिस ने यहां से नईम के बेटे और दो सहयोगी को हिरासत में लिया है। इस दौरान खुलासा हुआ कि तांत्रिक नईम मालेगांव में जमील नाम से रह रहा था। आरोपी फर्जी आईडी पर सिम भी चलाता है। ये भी खुलासा हुआ कि मलाड के अहमदनगर में आरोपी ने अपना दूसरा ठिकाना बनाया हुआ है। पुलिस की दूसरी टीम को अहमदनगर भेजा गया। हालांकि यहां भी नईम हाथ नहीं आया। अभी मेरठ पुलिस की दो टीम मुंबई में ही डेरा डाले है। बाकी छह टीमों को सर्विलांस समेत बाकी जानकारी जुटाने के लिए लगाया हुआ है। इनमें से दो टीम को मोबाइल कॉल डिटेल और बाकी लोकेशन की तलाश में लगाया है, जहां पर नईम पनाह ले सकता है।
उस्मान की पत्नी और बच्चे भटक रहे
उस्मान की पत्नी सायमा और बच्चे फिलहाल थाने के चक्कर लगा रहे हैं। इस दौरान वह पुलिस लाइन स्थित एसओजी कार्यालय और एसएसपी कार्यालय भी पहुंची। बताया कि उस्मान और नईम बचपन के दोस्त हैं। बताया कि उस्मान ई-रिक्शा चलाकर अपना परिवार चलाता है। ये भी बताया कि बुधवार और गुरुवार दोनों दिन उसका पति ई-रिक्शा लेकर गया था और इस बात की पुष्टि पुलिस सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से कर सकती है। बुधवार रात को भी उस्मान घर पर ही था। इस दौरान पति को छोड़ने की मांग की। अधिकारियों ने फिलहाल जांच के लिए उस्मान से पूछताछ का हवाला दिया है।
कत्ल कर बेखौफ घूमता रहा नईम
नईम ने बुधवार रात को अपने भाई मोईन और उसके परिवार के पांच लोगों की हत्या की। इसके बाद गुरुवार तक वह बेखौफ शहर में घूमता रहा। जैदी फार्म और समर गार्डन में आरोपी की लोकेशन मिली। इसके बाद आरोपी नईम यहां मेरठ से अपनी कार में फरार हुआ था। फिलहाल नईम की तलाश में पुलिस की 8 टीम लगी हैं।
क्या बोली पुलिस
मेरठ के एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि नईम की गिरफ्तारी के लिए कई टीम काम कर रही हैं। आरोपी ने मोबाइल फोन बंद किया हुआ है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही नईम की गिरफ्तारी की जाएगी।