पूर्वांचल में पेट्रोल पंपों पर लग रही भीड़ को लेकर ऐक्शन में प्रशासन, कई जिलों में बिक्री की लिमिट तय

संवाददाता, गोरखपुर/ संतकबीरनगर/ महाराजगंज/ सिद्धार्थनगर/ कुशीनगर
Follow us on Google News
share

संत कबीर नगर में प्रशासन ने जहां पेट्रोल पंपों को रोज 10 घंटे बंद रखने का आदेश दिया है वहीं महाराजगंज में गैलन में अधिकतम 5 लीटर डीजल की बिक्री के साथ ही पंपों को 11 घंटे बंद रखते हुए सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक ही बिक्री करने का आदेश जारी किया है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पूर्वांचल में पेट्रोल पंपों पर लग रही भीड़ को लेकर ऐक्शन में प्रशासन, कई जिलों में बिक्री की लिमिट तय

Petrol-Diesel Sale: पूर्वांचल के कई जिलों में पेट्रोल-पंपों पर लंबी लाइनें लग रही हैं। इस बीच प्रशासन ऐक्शन मोड में आ गया है। इस बीच संत कबीर नगर में प्रशासन ने जहां पेट्रोल पंपों को रोज 10 घंटे बंद रखने का आदेश दिया है वहीं महाराजगंज में गैलन में अधिकतम 5 लीटर डीजल की बिक्री के साथ ही पंपों को 11 घंटे बंद रखते हुए सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक ही बिक्री करने का आदेश जारी किया है। यह भी कहा है कि अफवाह फैलाने वालों और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिद्धार्थनगर में भी डीएसओ ने निर्धारित मात्रा में ही तेल बेचने का आदेश जारी किया है। कुशीनगर प्रशासन ने जनगणना ड्यूटी में लगे प्रगणकों को आई कार्ड देखकर बिक्री में प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है।

संतकबीनगर में भी प्रशासन ने जनगणना ड्यूटी में लगे प्रगणकों को प्राथमिकता देने और सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक ही बिक्री करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही तेल संकट और खेती में डीजल की खपत के बीच संतुलन बनाने के लिए बस, ट्रक, ट्रैक्टर, कार और बाइक समेत सभी वाहनों के लिए पेट्रोल-डीजल की बिक्री की अधिकतम मात्रा भी लिमिट कर दी गई है। संतकबीरनगर में प्रशासन ने डिब्बा में डीजल बिक्री की अधिकतम सीमा 15 लीटर तय कर दी है। जबकि पेट्रोल किसी भी हालत में गाड़ी के अलावा किसी गैलन या जरिकेन में नहीं दिया जाएगा।

महराजगंज में डिब्बे में 5 लीटर ही मिलेगा डीजल

वहीं, महराजगंज में डिब्बे में पांच लीटर ही डीजल मिलेगा। जिले में डीजल–पेट्रोल के सुचारू वितरण, अवैध भंडारण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण तथा पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी कतारों की स्थिति की समीक्षा के लिए डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के साथ संबंधित अधिकारियों की बैठक की। बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में डीजल और पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है, इसके बावजूद कृत्रिम संकट उत्पन्न करने अथवा अनावश्यक भीड़ लगाने की किसी भी स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में डीएम ने उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि डीजल–पेट्रोल के अवैध परिवहन, भंडारण और बिक्री में शामिल व्यक्तियों को तत्काल चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कुछ तत्व अफवाह फैलाकर और अवैध रूप से ईंधन संग्रहित कर अनावश्यक दबाव की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि अब पेट्रोल पंपों पर डिब्बे में अधिकतम केवल पांच लीटर डीजल ही दिया जाएगा। साथ ही बिना नंबर प्लेट या संदिग्ध वाहनों को डीजल–पेट्रोल देने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित सीमा से अधिक डीजल देने या बिना नंबर की गाड़ियों को तेल उपलब्ध कराने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि जिले के सभी पेट्रोल पंप प्रतिदिन सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक ही तेल की बिक्री करेंगे। निर्धारित समय के बाद किसी भी दशा में बिक्री की अनुमति नहीं होगी तथा इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।