
दिवाली से छठ पर्व तक पर अतिरिक्त बसें चलेंगी, कर्मचारियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
यूपी में दिवाली से छठ पर्व तक पर अतिरिक्त रोडवेज बसें चलेंगी।त्योहार पर घर जा रहे किसी भी यात्री को कठिनाई न हो इसके लिए ये बसें चलेंगी। ड्राइवर, कर्मचारियों व अधिकारियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
दीपावली से लेकर छठ पर्व तक प्रदेश में बसों की कमी न हो इसके लिए परिवहन निगम अतिरिक्त बसें चलाएगा। त्योहार पर घर जा रहे किसी भी यात्री को कठिनाई न हो इसके लिए ये बसें चलेंगी। ड्राइवर, कर्मचारियों व अधिकारियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। 18 अक्तूबर से लेकर 30 अक्तूबर तक की अवधि प्रोत्साहन अवधि होगी। जिसमें बसें चलाने पर 400 रुपये से लेकर 450 रुपये तक प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं कर्मियों व अधिकारियों को भी अलग-अलग अतिरिक्त मानदेय दिया जाएगा। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर कर्मियों को इस अवधि में अवकाश नहीं मिलेगा।

परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि दीपावली से लेकर छठ पर्व तक प्रदेश में बसों की किसी भी कीमत पर कमी न हो। अधिक से अधिक संख्या में अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाए। दीपावली के अलावा छठ पर्व पर पूर्वांचल के जिलों में बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों से त्योहार मनाने आते हैं। ऐसे में उन्हें किसी भी कीमत पर कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि लखनऊ व कानपुर में भी इस अवधि में अतिरिक्त बसें चलें। अगर दिल्ली, गाजियाबाद और पश्चिमी क्षेत्रों के लिए प्रारंभिक प्वाइंट से 60 प्रतिशत से अधिक यात्रियों का लोड है तो पूर्वी क्षेत्रों से भी अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाए। वहीं भैया दूज पर स्थानीय व निकट के जनपदों में अधिक आवागम होता है। जिसके कारण बसों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
प्रबंध निदेशक परिवाहन प्रभु नारायण सिंह के अनुसार चालकों, परिचालकों व कर्मियों को जो न्यूनतम 12 दिनों में उपस्थित होकर निर्धारित औसत किलोमीटर का संचालन करेंगे तो 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से उन्हें 4800 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्हें प्रोत्साहन अवधि में प्रतिदिन 300 किलोमीटर बसें चलानी होंगी। जो पूरे 13 दिनों तक उपस्थित रहकर ड्यूटी करेंगे और मानक के अनुसार बस चलाएंगे तो उन्हें प्रतिदिन 450 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह कुल 5850 रुपये होगी। निर्धारित मानक से अधिक बस चलाने पर प्रति किलोमीटर 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त मानदेय दिया जाएगा।
वहीं 13 दिनों तक लगातार ड्यूटी करने वाले डिपो कार्यशाला एवं क्षेत्रीय कार्यशाला के कर्मियों व आउटसोर्सिंग कर्मियों को एकमुश्त 2500 रुपये व 12 दिन की ड्यूटी करने पर 2100 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे। सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को 10 हजार व सेवा प्रबंधकों को पांच हजार रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्षेत्रीय कर्मचारियों व उपाधिकारियों को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक 50 रुपये प्रति निगम एवं अनुबंधित बस के आधार पर धनराशि देंगे।
यहां चलेंगी अतिरिक्त बसें
दिल्ली से लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, कानपुर के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन परिवहन निगम करेगा। वहीं गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ एवं इटावा क्षेत्रों में अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।





