
सीसीटीवी में भागती नजर आई युवती से गैंगरेप मामले में एक्शन, दारोगा समेत 4 पुलिस वाले नपे
बलरामपुर में दिव्यांग युवती से गैंगरेप के मामले में दारोगा समेत पांच पुलिस वालों पर एक्शन हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने सभी को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ था। इसमें दरिंदों से बचने के लिए युवती भागती नजर आ रही है।
बलरामपुर में मूक बधिर और दिव्यांग युवती के साथ गैंगरेप के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई दारोगा समेत चार पुलिस वालों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इन लोगों पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप है। मूक बधिर लड़की के साथ गैंगरेप करने वाले दोनों युवकों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बुधवार को एसपी आवास के सामने से भागती युवती का वीडियो वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई थी। इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने मामले को विधानसभा में भी उठाया था।
पिछले 12 अगस्त को कोतवाली देहात क्षेत्र में शर्मनाक घटना घटित हुई थी। इसे लेकर लड़की के भाई ने कोतवाली देहात में मुकदमा पंजीकृत कराया था कि उसकी बहन मामा के घर से लौट रही थी। इस दौरान कुछ लोग उसे लेकर चले गए थे। दरिंदों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे बेहोशी की हालत में बहादुरापुर पुलिस चौकी के निकट छोड़ दिया था। इसके पहले पीड़िता का एक भागते हुए वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें दरिंदे उसका पीछा कर रहे थे। बुधवार देर रात मुठभेड़ कर दुष्कर्म करने वाले कुकुरभुकवा गांव निवासी अंकुर वर्मा और हर्षित कुमार पाण्डेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
इसे लेकर एसपी बेहद नाराज थे। उन्होंने घटना का खुलासा करने के लिए एएसपी विशाल पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की थी। 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली गई थी। इस पूरे प्रकरण में लापरवाही मिलने चार पुलिसकर्मियों को एसपी ने लाइनहाजिर किया है। इसमें कोतवाली देहात के उप निरीक्षक शिव कैलाश, यूपी डायल 112 के मुख्य आरक्षी कमलेश प्रसाद व आरक्षी सतीश चौरसिया तथा कोतवाली देहात के आरक्षी रजनीश कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया गया है। एसपी विकास कुमार ने बताया कि इनसे जुड़े प्रकरणों की जांच कराई जा रही है।
श्मशान घाट पर दरिंदों ने किया था दुष्कर्म
मूक बधिर युवती के साथ दरिंदों ने एफसीआई गोदाम के पीछे श्मशान घाट के कमरे में दुष्कर्म किया था। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इनके द्वारा बताया गया है कि दोनों दोस्त थे और 12 अगस्त की शाम घूमने के लिए निकले थे। फुलवरिया बाईपास स्थित दुकान पर उन्होंने शराब पी। वहां से बहादुरापुर जाते समय इन लोगों को एक अकेली लड़की पैदल जाते दिखी। उन दोनों ने लड़की को लिफ्ट देने के बहाने बाइक पर बैठा लिया और उसे सुनसान स्थान एफसीआई गोदाम के पीछे स्थित श्मशान घाट के कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर दोनों लड़की को बाइक पर बैठाकर रेंजरी के पास छोड़कर फरार हो गए थे।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



