गोरखपुर में गुंबद गिरने से 2 वकीलों की मौत के बाद ऐक्शन, अधिकारी-ठेकेदार समेत 6 हिरासत में
गोरक्षनाथ घाट पर बने गुंबद के अचानक गिरने से वहां अंत्येष्टि में शामिल होने पहुंचे अधिवक्ता आलोक अस्थाना और संजय सिंह की रविवार को मौत हो गई थी।गुंबद गिरने से ठीक पहले बिजली कड़कने की तेज आवाज सुनाई दी थी। प्रथमदृष्टया प्रशासन की जांच में भी बिजली गिरने को हादसे की वजह माना गया।

गोरखपुर में राप्ती नदी के किनारे राजघाट स्थित गुरु गोरक्षनाथ घाट पर रविवार को गुंबद गिरने से दो अधिवक्ताओं की मौत के मामले में दर्ज केस में पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। इनमें सिंचाई विभाग के ड्रेनेज खंड में निर्माण के दौरान तैनात रहे सहायक अभियंता (एई) और अवर अभियंता (जेई), अभियंता शामिल हैं। चार अधिकारियों में से एक रिटायर अभियंता को पुलिस लखनऊ से लेकर आई है। इसके अलावा घाट का निर्माण कराने वाली फर्म के दो ठेकेदार हैं। सभी को पुलिस लाइन लाकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इनमें से किसी दोषी बनाया जाएगा, इस पर असमंजस हैं। अधिकारी इस प्रकरण भी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
गोरक्षनाथ घाट पर बने गुंबद के अचानक गिरने से वहां अंत्येष्टि में शामिल होने पहुंचे अधिवक्ता आलोक अस्थाना और संजय सिंह की रविवार को मौत हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुंबद गिरने से ठीक पहले बिजली कड़कने की तेज आवाज सुनाई दी थी। प्रथमदृष्टया प्रशासन की जांच में भी बिजली गिरने को हादसे की वजह माना गया। इसी आधार पर आपदा विभाग की ओर से दोनों मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई। हादसे के बाद अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। कई लोगों ने गुंबद गिरने की वजह सिर्फ बिजली गिरना मानने पर सवाल उठाते हुए घाट के निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग की।
घाट परिसर में बने अन्य गुंबद और गजीबो की दीवारों और छतों में दरारें होने की बात सामने आई। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठे। इसके बाद प्रशासन ने निर्माण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच शुरू कराई। डीएम के निर्देश पर मृत अधिवक्ता संजय सिंह की पत्नी की तहरीर पर राजघाट थाने में ठेकेदार, निर्माण के समय तैनात एई-जेई और सीएमओ के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने अब इसी मुकदमे की जांच के क्रम में निर्माण से जुड़े अधिकारियों और ठेकेदारों हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
गेट से गजीबो तक असुरक्षित, अलर्ट जारी
राप्ती तट स्थित श्रीगोरक्ष घाट परिसर में गजीबो का गुंबद गिरने की घटना के बाद नगर निगम की टीम ने सोमवार को परिसर में स्थित अन्य गजीबो और प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रवेश द्वार में हल्की दरार दिखाई दी। श्रीराम और श्रीगोरक्ष घाट के कुछ अन्य गजीबो भी सुरक्षित नहीं पाए गए। एहतियात के तौर पर नगर निगम ने संबंधित ढांचों के आस-पास बैनर लगाकर लोगों से इनसे दूर रहने की अपील की है। नगर आयुक्त अजय जैन के निर्देश पर अधिशासी अभियंता अशोक भाटी ने सहायक अभियंता और अवर अभियंता के साथ राजघाट पहुंच कर श्रीगोरक्ष घाट और श्रीराम घाट गजीबो और प्रवेश द्वार की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद लोगों की आवाजाही को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। चेतावनी के बैनर लगाकर लोगों से अपील की गई है कि वे संबंधित ढांचों के आसपास न जाएं।
बता दें राजघाट में रविवार को आकाशीय बिजली की आवाज के बीच गजीबो का गुंबद गिर गया था। हादसे में अधिवक्ता संजय सिंह और आलोक अस्थाना गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान दोनों अधिवक्ताओं की मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद नगर निगम ने परिसर में बने अन्य ढांचों की सुरक्षा की जांच शुरू कराई है। वहीं, जिलाधिकारी ने भी निर्माण कार्यों की जांच के आदेश के साथ कमेटी भी गठित कर दी है।
एक साथ बैठे थे, एक साथ ही विदा हुए दोनों वकील दोस्त
वहीं, गोरखपुर के राजघाट पर रविवार को एक साथ बैठे दो वकील दोस्त हादसे का शिकार हुए और सोमवार को उनकी अंतिम विदाई भी लगभग एक ही समय हुई। हादसे की तस्वीर याद कर हर किसी की आंखें नम थीं। अधिवक्ता संजय सिंह को सहारा इस्टेट के मुक्तिपथ पर मुखाग्नि दी गई, जबकि उनके साथी अधिवक्ता आलोक अस्थाना का अंतिम संस्कार नगर निगम के मुक्तिधाम में किया गया।


