
यूपी के इस शहर में घुसपैठियों पर ऐक्शन शुरू, अफसरों को मिली जिम्मेदारी; आज पहुंचेंगे योगी
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में एक भी घुसपैठिया न रहने देने का ऐलान किया है। उन्होंने मंडल स्तर पर डिटेंशन सेंटरों की स्थापना के साथ ही निकायों को संदिग्ध घुसपैठियों की पहचान जल्द से जल्द सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। इस बीच काशी में घुसपैठियों को बाहर करने के लिए ऐक्शन शुरू हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र और विश्व की प्राचीनतम धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी) से बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को बाहर करने के लिए ऐक्शन शुरू हो गया है। शहर में घुसपैठियों की पहचान वार्डवार की जाएगी। बुधवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में विभागीय बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को जोनल अधिकारियों को जिम्मेदारी देते हुए इसे तत्काल शुरू कराने का निर्देश दिया। महापौर ने कहा कि घुसपैठियों की सघन पहचान कराई जाए। इसके लिए नगर निगम पूरी गंभीरता से काम करे। इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। इस बीच, गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ भी काशी पहुंच रहे हैं। वह यहां एसआईआर की मंडलस्तरीय समीक्षा करेंगे। इस दौरान मंडल के चारों जिलों वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली के जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे।
बता दें कि सीएम योगी ने यूपी में एक भी घुसपैठिया न रहने देने का ऐलान किया है। उन्होंने मंडल स्तर पर डिटेंशन सेंटरों की स्थापना के साथ ही निकायों को संदिग्ध घुसपैठियों की पहचान जल्द से जल्द सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। उधर, वाराणसी नगर निगम निगम में गलत ढंग से जन्म प्रमाणपत्र बनवाने की शिकायतें भी मिल रही हैं। इसकी जांच के लिए अपर नगर आयुक्त सविता यादव के नेतृत्व में कमेटी का गठन कर जांच कराने का निर्देश दिया गया है। जांच में गलत आंकड़ों पर प्रमाणपत्र जारी होने की पुष्टि पर उसे निरस्त करने तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश महापौर ने दिए हैं।
महापौर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके चौधरी को घर-घर कूड़ा उठान वाली कम्पनी से राशि की कटौती न करने पर नाराजगी जताई। वहीं जल निगम के अधिकारियों को सीवर पाइप लाइन बिछाने के प्रोजेक्ट की सटीक जानकारी न देने पर प्रोजेक्ट मैनेजर कमल कुमार सिंह पर वह खफा हुए और 20 दिसम्बर तक डीपीआर तैयार करने को कहा। छह मॉडल वार्डों की सफाई व्यवस्था के बारे में सवाल पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने सभी घरों से डोर टु डोर कूड़ा उठान की जानकारी दी। महापौर ने कहा कि रविवार को शहर में सफाई व्यवस्था अच्छी नहीं हो रही है। यह प्रवृत्ति सुधारी जाए। शहर में रोज सुबह 11 बजे तक कूड़ा उठाने का निर्देश दिया।
संस्थानों की जांच कराकर लाइसेंस जारी करने का निर्देश
महापौर ने अपर नगर आयुक्त अमित कुमार को सभी होटलों, लॉज, बरातघर, अस्पताल, कोचिंग संस्थानों की जांच कराकर छूटे हुये संस्थानों का लाइसेन्स जारी करने का निर्देश दिया। जलकल विभाग के 13 ट्यूबवेलों पर बिजली कनेक्शन न होने पर पूर्वांचल डिस्कॉम के एमडी शंभु कुमार को फोन कर समाधान कराने को कहा।





