सरकारी योजनाओं के नाम पर खुले खाते, 10 हजार का लालच और 100 करोड़ की ठगी, आप तो नहीं फंसे?

पीलीभीत, संवाददाता
share

यूपी के पीलीभीत में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। दस हजार का लालच देता था। इसके बाद इन्हीं खातों से साइबर ठगी की जाती थी।

Cyber Crime
यूपी के पीलीभीत में साइबर ठगों का बड़ा रैकेट पकड़ाया है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

यूपी के पीलीभीत में ऑनलाइन गेमिंग ऐप और फर्जी इन्वेस्टमेंट प्लान के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके पास से लैपटॉप, मोबाइल और कई फर्जी बैंकिंग दस्तावेज बरामद हुए हैं। अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि की ठगी की पुष्टि हुई है। आरोपियों का नेटवर्क कई राज्यों में फैला है। यह लोग सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर बैंक खाते खुलवाते थे। दस हजार का लालच देते थे। इन्हीं खातों में ठगी का पैसा मंगाया जाता था।

सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल ने बताया कि जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम गौनेरी निवासी दानिश अंसारी ने 18 जुलाई को मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें कहा गया था कि कस्बा जहानाबाद निवासी दो सगे भाइयों मोबिन व मोहसिन ने उसे और कस्बे के अन्य लोगों को सरकारी योजनाओं के तहत लाभ दिलाने और 10 हजार रुपये इनाम देने का लालच देकर बैंक खाते खुलवाए थे। खाते खुलने के बाद आरोपियों ने उनके एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और सिम कार्ड अपने पास रख लिए। बाद में खाते पर बैंक द्वारा होल्ड लगाए जाने के बाद पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई।

विवेचना के दौरान सामने आया कि यह गिरोह 47 बीईटी नामक गेमिंग ऐप और फर्जी इन्वेस्टमेंट प्लान के जरिए लोगों से धोखाधड़ी करता था। ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए इन फर्जी खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने मोहसिन पुत्र मोहम्मद अमजद निवासी मोहल्ला विलई, कस्बा व थाना जहानाबाद, पीलीभीत और राहुल पुत्र मेघनाथ निवासी ग्राम हरवंशपुर लक्ष्मनियापुर, थाना भोजीपुरा, बरेली को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, आठ फर्जी आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, सात चेक बुक और 10 बैंक पासबुक बरामद की हैं।

सीओ सदर के मुताबिक इस गिरोह का सरगना विशाल मौर्य और उसका साथी फरमान पुत्र अफसर खां निवासीगण ग्राम हरवंशपुर लक्ष्मनियापुर थाना भोजीपुरा बरेली फिलहाल फरार हैं। जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। इन आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों पर नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर अब तक लगभग 200 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।

14 राज्यों में फैला नेटवर्क

साइबर ठगी के मामले में पुलिस की विवेचना आगे बढ़ने के साथ गिरोह के काम करने के तरीके और उसके बैंकिंग नेटवर्क की परतें खुलती जा रही हैं। विवेचना में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य सीधे-सादे और गरीब लोगों को सरकारी योजना का खाता खुलवाने तथा 10 हजार रुपये इनाम देने का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। खाता खुलने के बाद डेबिट कार्ड, आधार कार्ड और पासबुक अपने कब्जे में ले लेते थे। इसके बाद आधार में दर्ज नाम-पते पर सिम निकलवाकर बैंक खाते का पूरा एक्सेस अपने पास रखते थे।

सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि गिरोह के सदस्य मोईन और मोहसिन ने कस्बा जहानाबाद निवासी बिलाल, हारुन, अरबाज, शाहिद, जीशान, शहराब और मुस्तफा के चालू खाते बैंक ऑफ बड़ौदा की पीलीभीत शाखा में खुलवाए। संचालित खातों में 50 लाख रुपये से अधिक की फ्रॉड की धनराशि मंगवाकर निकाली। गिरोह के सदस्य बैंक की कार्यप्रणाली की जानकारी रखते थे। चालू खाते खुलवाने का उद्देश्य बड़ी रकम का लेनदेन आसानी से करना था।

आरोपियों ने खाते खुलवाकर उनके सिम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड व डेबिट कार्ड अपने पास रखकर ठगी की रकम मंगवाई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के मोबाइल का एक्सेस विशाल मौर्या पुत्र तोताराम मौर्या निवासी हरवंशपुर लक्ष्मियापुर थाना भोजीपुरा जिला बरेली द्वारा ऊपर के हैंडलर को दिया जाता था। गिरोह का कोई सदस्य पकड़े जाने पर हैंडलर जीमेल और अन्य एक्सेस के माध्यम से पूरा डाटा डिलीट कर देता था, ताकि मोबाइल से कोई साक्ष्य न मिल सके।

पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसके कैनरा बैंक में दो खाते हैं। इनमें एक बचत बैंक खाता और दूसरा चालू खाता है। पुलिस के मुताबिक दोनों खातों पर साइबर पोर्टल में ऑनलाइन ठगी से संबंधित कुल 34 शिकायतें दर्ज हैं और इन खातों से करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी का लेनदेन सामने आया है। यह भी सामने आया कि मोईन और मोहसिन ने अपने पिता मोहम्मद अमजद के एसबीआई खाते में भी ठगी की रकम मंगवाई थी। इस खाते पर कई शिकायतें दर्ज होने के बाद अब इसका संचालन नहीं हो पा रहा है।

नर्सिंग छात्र समेत कई लोग नेटवर्क में शामिल

पूछताछ में सामने आया कि मोहसिन बरेली के एक नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम प्रथम वर्ष का छात्र है। उसका छोटा भाई मोईन भी पढ़ा-लिखा है। दोनों की ननिहाल ग्राम लखमनिया, थाना भोजीपुरा, जनपद बरेली में है। आरोपियों के अनुसार उनके मामा तसलीम और नाना जमील ने दोनों को साइबर ठगी के बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने उसी गांव के विशाल मौर्या, फरमान और राहुल के साथ मिलकर गिरोह तैयार किया।

पकड़े जाने के डर से मोबाइल तोड़े, सिम जलाए

कस्बा निवासी दानिश का खाता खुलवाने के बाद जब उसे ठगी की जानकारी हुई और उसने मुकदमा दर्ज कराया तो गिरोह के सदस्यों को पकड़े जाने का डर सताने लगा। विवेचना के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने सबूत नष्ट करने के इरादे से अपने मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिए। सिम कार्ड भी जला दिए गए। लैपटॉप और बरामद मोबाइल फोन से अधिकांश डाटा डिलीट कर दिया गया।

फर्जी आधार कार्ड का सिम और होटल में रुकने में करते थे इस्तेमाल

राहुल और मोहसिन ने पूछताछ में बताया कि वह लोग 47 बीईटी नाम से वेबसाईट पर सीधे सादे व्यक्तियो को मोबाइल फोन में गेम खिलाने के बहाने आनलाइन रुपये ठग लेते है तथा इसके अलावा इन्वेस्टमेन्ट के माध्यम से मोटी रकम दिलाने के लालच में लोगों के साथ ठगी करते है और प्राप्त रुपयों को अपने बैंकों के डेबिट कार्ड के माध्यम से एटीएम से कैश निकाल लेते है। जिससे खातों पर शिकायत होने के बाद भी नकद रुपया उनके पास रहे। आरोपियों के पास से बरामद फर्जी आधार कार्डों के बारे में पूछने पर बताया कि इन आधार कार्डो को नये सिम कार्ड इश्यू कराने, होटल में पहचान छिपाकर रुकने और लोगों को झांसा देने के लिए रखते है।

एक खाता उपलब्ध कराने और ठगी की रकम से मिलता था कमीशन

आरोपियों ने बताया कि विशाल मौर्या और फरमान पुत्र अफसर खां निवासी हरवंशपुर लक्ष्मियापुर थाना भोजीपुरा जिला बरेली के गिरोह के लिए काम करते है। एक बैंक खाता उपलब्ध कराने में 30 हजार रूपये तथा आनलाईन ठगी की धनराशि उनको 1 से 2 प्रतिशत कमीशन मिलता है। मोबाइल व लैपटाप में मौजूद डाटा और ऐक्सिस को फारेंसिक लैब भेजकर डाटा रिकवर कर गिरोह की कार्यप्रणाली,उसकी ऊपर चेन, ठगी गयी धनराशि आदि की जानकारी की जा रही है।

14 राज्यों से 150 शिकायतें, 100 करोड़ रुपये की ठगी

सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल ने बताया कि गिरोह द्वारा खुलवाये गये खातो पर हारून के खाते पर पोर्टल पर 85 शिकायतें में 42 करोड़ 54 लाख रुपये, अरबाज के खाते पर 9 शिकायतें, दानिश के खाते पर 7 शिकायतें, मोहसिन के खाते पर 15 शिकायते पर 32 करोड़ रुपये, राहुल के खाते पर 34 शिकायतें पर 28 करोड़ रुपये की ठगी करके रुपये निकाले जाने की पुष्टि हुई है। अबतक प्राप्त डाटा विशलेषण से गिरोह द्वारा 100 करोड़ रुपये से ऊपर की धनराशि की ठगी की बात सामने आयी है। जो कि गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, चेन्नई, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, आन्ध्र प्रदेश, बिहार राज्यों के लोगों से की गई है।

आरोपियों को गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक जहानाबाद जयशंकर सिंह,उपनिरीक्षक निशांत कुमार,अमर कुमार,देवेंद्र कुमार,हेड कांस्टेबल साइबर सेल अंकुर,कांस्टेबल शिवाधर,सत्यजीत,चिराग,अमित कुमार,रोहित कुमार,प्रशांत,आतिफ,मनोज आदि पुलिसकर्मी और साइबर सेल की टीम शामिल रही।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsसरकारी योजनाओं के नाम पर खुले खाते, 10 हजार का लालच और 100 करोड़ की ठगी