झांसी-कानपुर हाईवे पर हादसा: बच्चों को लेकर जा रही बस डंपर से टकराई, 11 छात्र घायल

Jan 19, 2026 04:54 pm ISTDinesh Rathour झांसी
share

झांसी में भीषण हादसा हो गया। सोमवार सुबह झांसी-कानपुर एनएच पर गांव खिल्ली के पास तेज रफ्तार छात्रों को लेकर जा रही एक निजी स्कूली की बस आगे जा रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में 11 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

झांसी-कानपुर हाईवे पर हादसा: बच्चों को लेकर जा रही बस डंपर से टकराई, 11 छात्र घायल

यूपी के झांसी में भीषण हादसा हो गया। सोमवार सुबह झांसी-कानपुर एनएच पर गांव खिल्ली के पास तेज रफ्तार छात्रों को लेकर जा रही एक निजी स्कूली की बस आगे जा रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में 11 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस-प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। सोमवार सुबह एरच, सेसा, मोंठ सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से छात्रों को लेकर एक प्राइवेट बस स्कूल जा रही थी। बस में करीब स्टॉफ समेत करीब 20 बच्चे सवार थे। जैसे ही चालक हाइवे पर गांव खिल्ली के पास पहुंचा, तभी आगे चल रहे डंपर के चालक ने गाड़ी धीमी की। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बस ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया।

बस पीछे से डंपर में घुस गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आनन-फानन में राहगीर, ग्रामीण मदद को दौड़े। सूचना पर उपजिलाधिकारी मोंठ अवनीश कुमार, कोतवाली मोंठ थाना प्रभारी राजेश पाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। छात्र मोहम्मद आरिफ बेटा अजहर खान, हृदेश कुमार बेटा घनश्याम निवासी एरच, कृष्णा सिंह बेटा अर्जुन सिंह निवासी एरच, लकी सेन बेटा राहुल सेन निवासी सेसा, आर्यन चौधरी बेटा राजकुमार, धर्मेंद्र बेटा लाखन सिंह, यश बेटा लक्ष्मीकांत, दिव्यांश बेटा उमेश साहू, कृष साहू बेटा राजकुमार, सुमित यादव बेटा प्रमोद यादव तथा जय हिंद यादव बेटा अवधेश सहित अन्य घायल छात्रों को बाहर निकाला। तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक शादाब बेग ने कहा कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है।

बोले, डॉक्टर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डा. शशिकांत राजपूत ने बताया कि हादसे में 11 बच्चे घायल हुए थे। जिन्हें इलाज के लिए लाया गया था। प्राथमिक इलाज दिया गया। सभी बच्चों की हालत सामान्य है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

अचानक ब्रेक लेने से हुआ हादसा

उपजिलाधिकारी मोंठ अवनीश तिवारी ने बताया कि खिल्ली गांव के पास नेशनल हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे पीछे से आ रही एक पब्लिक स्कूल की बस उससे टकरा गई। बच्चों को मोंठ सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। साथ ही आरटीओ को क्षेत्र में स्कूल बसों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

चीख-पुकार से दहला इलाका

झांसी-कानपुर एनएच पर गांव खिल्ली के पास सोमवार को सुबह करीब 9.45 बजे हुए हादसे ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। चश्मदीदों की मानें तो आगे डंपर जा रहा था। जबकि पीछे बस लगी चली आ रही थी। अचानक आगे वाले वाहन के ब्रेक लगे और चीख-पुकार मच गई। जिससे आसपास का इलाका दहल उठा। लोग इधर-उधर से मदद को दौड़े। करीब बच्चे बस में भी झटका लगने से गिर गए थे। जिससे उन्हें चोटें आई थी। वहीं जैसे ही हादसे की खबर अभिभावकों को लगी तो वह भी परेशान हो गए।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |