
यूपी में टक्कर लगते ही फटी बाइक की टंकी, लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर आग का गोला बनी रोडवेज बस
संक्षेप: विपरीत दिशा से आ रहा एक बाइक सवार लखनऊ-सीतापुर हाइवे पर रोडवेज बस से टकरा गया। बस में फंसकर बाइक 30 मीटर तक सड़क पर घिसटती गई। देखते ही देखते बस में आग लग गई।
यूपी में शुक्रवार की देर शाम हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रहा एक बाइक सवार लखनऊ-सीतापुर हाइवे पर रोडवेज बस से टकरा गया। बस में फंसकर बाइक 30 मीटर तक सड़क पर घिसटती गई। देखते ही देखते बस में आग लग गई। आग की लपट देख यात्री चीख पुकार मचाते रहे। किसी तरह सभी यात्री आनन- फानन में भागकर नीचे आ गए। देखते ही देखते आग विकराल हो गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आधे घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बस और बाइक काफी हद तक जल चुकी थी। हालांकि बस में सवार 39 यात्री बाल- बाल बच बए। छह यात्रियों को मामूली चोट आई है। वहीं बाइक सवार को इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है।

गोला डिपो की रोडवेज बस शुक्रवार को लखनऊ से लखीमपुर जा रही थी। बस में 39 यात्री सवार थे। शाम 6:30 बजे बस गोधना ईदगाह पहुंची ही थी तभी विपरीत दिशा में आ रहा बाइक सवार बस से टकरा गया। बस चालक जब तक कुछ समझ पाता बाइक बस में फंसकर 30 मीटर तक घिसटती गई। कुछ ही देर में बस में आग लग गई। आग की लपट देख बस में सवार यात्री चीख पुकार मचाने लगे। ड्राइवर और क्लीनर ने किसी तरह यात्रियों को समझा- बुझाकर शांत करा जल्दी-जल्दी बस से नीचे उतरवाया। यात्री बस से उतरे ही थे की लपट विकराल हो गई। बीच सड़क बस जलती देख आसपास के लोग सहम गए। सूचना पर कुछ ही देर में अटरिया और सिधौली थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर अटरिया ने बताया कि आग की चपेट में आकर कोई यात्री झुलसा नहीं है। बाइक चालक अटरिया के धारापुरवा निवासी सुदरलाल चोटिल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए लखनऊ भेजवाया गया।
इन यात्रियों को आई चोट
बस में सवार मैगलगंज निवासी राजवीर, विकास कुमार, महोली के गंगाराम, अमित कुमार व कमलापुर के सुमन को मामूली चोट आई हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। राकेश कुमार एआरएम परिवहमन निगम का कहना है कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों को दूसरी गाड़ी से भेजवा दिया गया है। बस का टेक्निकल मुआयना कराया जाएगा। इसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि घटना किस कारण हुई।





