यूपी: ईंट भट्ठे पर हादसा, गड्ढे में डूबकर 3 बच्चों की मौत; CM योगी ने दौड़ाए अफसर

संवाददाता, कुशीनगर
Follow us on Google News
share

एक बच्ची जैसे-तैसे गड्ढे से बाहर निकलकर रोते चिल्लाते काम कर रहे परिवारीजनों के पास गई और घटना की जानकारी दी। बच्ची की बात सुनकर भागते हुए मौके पर पहुंचे परिवारीजन तीनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकालकर सीएचसी कसया ले गए। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

ईंट भट्ठे पर हादसा, गड्ढे में डूबकर 3 बच्चों की मौत; CM योगी ने दौड़ाए अफसर

UP News : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मैनपुर के टोला दीनापट्टी स्थित एक ईंट भट्ठे पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां ईंट के लिए निकाली गई मिट्टी के गड्ढे में बारिश का पानी भरा था जिसमें शनिवार को चार मासूम बच्चे खेलते खेलते गिर गए। गड्ढे में गिरा एक बच्ची किसी तरह गड्ढे से बाहर निकल आई। उसने परिवारीजनों को साथियों के डूबने की सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिवारीजनों सभी बच्चों को बाहर निकाला। बच्चों को लेकर वे आनन-फानन में कसया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। सीएम योगी ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को मदद मुहैया कराने का आदेश दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे दीनापट्टी गांव स्थित पंकज ईट उद्योग भट्टे पर यह हादसा हुआ। यहां छत्तीसगढ़ के मजदूर परिवार मजदूरी कर जीवकोपार्जन करते हैं। घटना के समय सभी परिवारीजन भट्ठे पर काम कर रहे थे वहीं उनके बच्चे अभय (उम्र 3 वर्ष) पुत्र पंचु निवासी फरहदा जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़, अनन्या (उम्र 7 वर्ष) पुत्री लखन निवासी अकलतारा जिला जांजगीर चांपा बाना छत्तीसगढ़, अनुष्का (ढाई वर्ष) पुत्री सुखन निवासी फरहदा जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़ और एक अन्य बच्चा साथ में खेल रहे थे। खेलते-खेलते ये बच्चे ईंट बनाने के लिए निकाले गए मिट्टी से बने गड्ढे के पास पहुंच गए। गड्ढे में बारिश का पानी भरा हुआ था। चारों बच्चे खेलते-खेलते पानी में गिर गए।

इसमें एक बच्ची जैसे-तैसे गड्ढे से बाहर निकलकर रोते चिल्लाते काम कर रहे परिवारीजनों के पास गई और बच्चों के डूबने के बारे में जानकारी दी। बच्ची की बात सुनकर भागते हुए मौके पर पहुंचे परिवारीजन तीनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकालकर सीएचसी कसया ले गए। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीएचसी पहुंची स्थानीय पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में हल्का दरोगा वरुणेश उपाध्याय ने बताया कि भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों के बच्चे खेल रहे थे और गड्ढे में गिर गए। इससे उनकी मौत गई। तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी।

सीएम योगी ने जताया दुख

सीएम योगी ने कुशीनगर हादसे का संज्ञान लेते हुए इस पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में मृत बच्चों के परिवारीजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से तत्काल मिलकर उन्हें उचित सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।