आसमान में छूटे पसीने! दिल्ली जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट का AC खराब, गर्मी से यात्रियों में मची अफरातफरी
स्पाइसजेट की फ्लाइट में मंगलवार को उड़ान के दौरान एसी बंद हो गया। गर्मी से परेशान कई यात्री बोर्डिंग पास से हवा करते नजर आए। ये फ्लाइट प्रयागराज से दिल्ली जा रही थी। वहीं, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रयागराज से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में मंगलवार को उड़ान के दौरान एयर कंडीशनर (एसी) बंद हो गया, जिससे यात्रियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। गर्मी से परेशान कई यात्री बोर्डिंग पास से हवा करते नजर आए। जिससे अफरातफरी जैसा माहौल बन गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
स्पाइसजेट का यह विमान पहले देहरादून से यात्रियों को लेकर मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उड़ान भरी और 9 बजकर 10 मिनट पर प्रयागराज एयरपोर्ट पर लैंड किया। प्रतापगढ़ के मनगढ़ स्थित कृपालु महाराज आश्रम आने वाले श्रद्धालुओं ने इस विमान को बुक किया था। एयरलाइन ने प्रयागराज से दिल्ली के लिए कम किराये पर कमर्शियल बुकिंग पहले ही कर दी थी। विमान करीब 10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही फ्लाइट का एसी बंद हो गया। गर्मी से परेशान कई यात्री बोर्डिंग पास से हवा करने लगे। यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरलाइन पूरा किराया वसूल रही है। लेकिन यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। शिकायत मिलने के बाद कुछ देर में विमान का एसी ठीक कर दिया गया।
इसे लेकर एयरपोर्ट निदेशक गणेश यादव ने बताया कि स्पाइसजेट की प्रयागराज में नियमित विमान सेवा नहीं है। यह विमान निजी बुकिंग पर आया था। यात्रियों की शिकायत के संबंध में एयरलाइन से बात की जाएगी।
प्रयागराज एयरपोर्ट की रैकिंग में सुधार
प्रयागराज एयरपोर्ट ने यात्री सुविधाओं के मामले में एक और उपलब्धि हासिल की है। भारतीय विमानपतन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से जनवरी से जून 2026 के लिए कराए गए ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में प्रयागराज एयरपोर्ट को 5 में से 4.89 अंक मिले हैं। इस स्कोर के साथ प्रयागराज एयरपोर्ट देश के 60 हवाई अड्डों में संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर रहा। प्रयागराज समेत कोल्हापुर (महाराष्ट्र), बेलगावी (कर्नाटक), बारापनी (शिलांग) और तूतीकोरिन (तमिलनाडु) एयरपोर्ट इसी स्थान पर रहे।
हिसार में बड़ा हादसा टला,गलत रनवे पर उतरा चार्टर्ड विमान
उधर, हिसार में महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे पर मंगलवार को उस वक्त एक बड़ा हादसा टल गया, जब एस्सेल समूह के अध्यक्ष सुभाष चंद्रा के पिता नंद किशोर गोयनका के पार्थिव शरीर को ला रहा एक चार्टर्ड विमान निर्धारित नए रनवे के बजाय पुराने रनवे पर उतर गया।
हिसार हवाई अड्डे के निदेशक ओम प्रकाश सैनी के अनुसार, यह चार्टर्ड विमान मुंबई से आया था और नए रनवे पर उतरने के बजाय, यह पुरानी हवाई पट्टी पर उतर गया। उन्होंने कहा कि विमान वहां लगी एक लाइट से मामूली रूप से टकरा गया। विमान में गोयनका के परिवार के पांच सदस्य भी सवार थे। वे सभी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


