बिस्तर पर केंचुल छोड़कर लापता ‘नागिन’ का इंस्टाग्राम पर युवक के साथ दिखा VIDEO, क्या बोली?
युवती के ‘नागिन’ बनने की अफवाह से सुर्खियों में आया मामला आखिरकार लव मैरिज का निकला। बिस्तर पर सांप की केंचुल, सिंदूर और गहने छोड़कर गायब हुई युवती ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर दो वीडियो जारी किए।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में पिछले कई दिनों से चल रहा 'नागिन' का रहस्य आखिरकार सुलझ गया है। जिसे ग्रामीण और परिजन दैवीय शक्ति या नागिन बनने का चमत्कार मान रहे थे, वह दरअसल एक प्रेमी जोड़े की सोची-समझी योजना निकली। 8 फरवरी की रात घर से गायब हुई युवती ने अब इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर अपनी शादी का खुलासा किया है, जिसके बाद इलाके में फैला अंधविश्वास का माहौल एक झटके में खत्म हो गया।
क्या था पूरा मामला और 'केंचुल' का रहस्य?
बीती 8 फरवरी की रात अजीतमल क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय रीना संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। जब परिजन उसके कमरे में पहुँचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। रीना के बिस्तर पर एक काले स्वेटर के बीच से करीब 5 फीट लंबी सांप की केंचुल निकली हुई थी। बिस्तर पर सिंदूर, गले का काला धागा और टूटी हुई चूड़ियां भी करीने से सजाकर रखी गई थीं।
देखने में ऐसा लग रहा था जैसे कोई युवती नहीं बल्कि कोई विशालकाय सांप वहां से रेंगकर निकला हो। देखते ही देखते गांव में यह अफवाह जंगल की आग की तरह फैल गई कि युवती 'नागिन' बन गई है और केंचुल छोड़कर कहीं चली गई है। अंधविश्वास का आलम यह था कि लोग इसे चमत्कार मानकर चर्चा करने लगे।
इश्क के लिए रची गई 'फिल्मी पटकथा'
युवती के पिता ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने पहले ही दिन से इसे प्रेम प्रसंग का मामला मानकर जांच शुरू कर दी थी। गुरुवार को जब इंस्टाग्राम पर युवती के दो वीडियो सामने आए, तो पूरी सच्चाई जगजाहिर हो गई। युवती ने गांव के ही युवक श्याम जी के साथ शादी कर ली है।
वीडियो में रीना ने स्वीकार किया कि उसने अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ जीवन बिताने का फैसला किया है। उसने केंचुल और सुहाग का सामान इसलिए रखा था ताकि घरवाले किसी और दिशा में उलझे रहें और उसे भागने का पर्याप्त समय मिल सके। रीना ने वीडियो में साफ कहा, "हमने अपनी मर्जी से शादी की है, हमें और पति के घरवालों को परेशान न किया जाए। अगर उन्हें कुछ हुआ तो मेरे घरवाले जिम्मेदार होंगे।"
शादी तय होने से थी नाराज
जांच में पता चला कि रीना का लंबे समय से श्याम जी के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन घरवाले उसकी शादी कहीं और तय कर रहे थे। अपनी मोहब्बत को बचाने के लिए रीना ने किसी मंझे हुए पटकथा लेखक की तरह 'केंचुल' वाला आइडिया इस्तेमाल किया ताकि लोग उसे मरा हुआ या चमत्कारिक रूप से गायब मान लें।
पुलिस का रुख
अजीतमल पुलिस का कहना है कि इंस्टाग्राम वीडियो उनके संज्ञान में है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के तहत जब तक युवती के बयान दर्ज नहीं हो जाते, तब तक जांच जारी रहेगी। पुलिस अब युवती और उसके पति को बरामद कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। इस घटना ने साबित कर दिया कि कभी-कभी हकीकत कल्पना से भी ज्यादा अजीब होती है।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


