संजय सिंह ने यूपी के 5 प्राइमरी स्कूलों को लेकर किया बड़ा दावा, कहा-ढूंढने वाले को देंगे 1 लाख इनाम

संवाददाता, लखनऊ
share

आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि एफआईआर उन अधिकारियों पर होनी चाहिए जिन्होंने मिड-डे मील का पैसा खाया और स्कूलों को बर्बाद किया। उन्होंने जौनपुर के 5 प्राथमिक विद्यालयों को लेकर बड़ा दावा किया। कहा कि इन स्कूलों का जमीन पर कोई अता-पता नहीं है लेकिन U-DISE में इन्हें 'ऑपरेशनल' दिखाया जा रहा है।

aap mp sanjay singh
आप सांसद संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा के सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर के 5 प्राथमिक विद्यालयों (Primary Schools) को लेकर बड़ा दावा किया। संजय सिंह ने कहा कि इन स्कूलों का जमीन पर कोई अता-पता नहीं है लेकिन सरकारी रिकॉर्ड (U-DISE) में इन्हें 'ऑपरेशनल' दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो कोई भी इन 5 स्कूलों में से एक को भी खोज कर दिखा देगा, उसे वे अपनी तनख्वाह से 1 लाख रुपये का इनाम देंगे।

आप सांसद ने रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने जौनपुर के पांच प्राइमरी स्कूलों (प्राथमिक विद्यालय ढालगर टोला़, प्राथमिक विद्यालय मिसिरपुर कन्या, कंपोजिट विद्यालय गदन अर्ज़नी, प्राथमिक विद्यालय उर्दू बाज़ार और प्राथमिक विद्यालय बाग हासिम) का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इन स्कूलों की बिल्डिंग का कहीं पता नहीं है। जमीन पर कब्जा है। यूडायस (U-DISE) पोर्टल पर ये स्कूल चल रहे हैं। हकीकत में वहां टीचर हैं, न बच्चे और न ही बिल्डिंग। संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘यूपी में चंदा चोरी, जमीन चोरी और चीनी चोरी के बाद अब स्कूल चोरी का नया मॉडल सामने आया है।’

उन्होंने योगी सरकार पर सच उजागर करने वालों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। कहा कि नोएडा में स्कूल की बदहाली दिखाने पर आप के यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह पर FIR कर दी गई और हरदोई में कार्यकर्ता फिरोज़ सिद्दीकी पर मुकदमा दर्ज कराया गया। संजय सिंह ने कहा कि एफआईआर तो उन अधिकारियों पर होनी चाहिए जिन्होंने मिड-डे मील का पैसा खाया और स्कूलों को बर्बाद किया। सच दिखाने वालों को जेल भेजा जा रहा है। संजय सिंह ने कहा कि हम डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह 156(3) के तहत कोर्ट जाकर भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे

संजय सिंह ने स्कूल ठीक करो अभियान के तहत वीडियो रिपोर्ट जारी करते हुए आरोप लगाया कि अवध प्रांत के प्रतापगढ़, सिद्धार्थनगर और सोनभद्र के कुछ स्कूलों में छतें गायब हैं, शौचालय गंदगी से अटे पड़े हैं और कहीं-कहीं 5 कक्षाओं पर सिर्फ 3 शिक्षक हैं। रुहेलखंड प्रांत के बरेली, बदायूं और बिजनौर में कई बच्चे कीचड़ और गंदगी के बीच बैठने को मजबूर हैं। पीने के पानी की टंकियां सड़ी हुई हैं। वहीं ब्रज प्रांत के आगरा, फिरोज़ाबाद और हाथरस के कुछ स्कूलों के गेट पर कूड़े के ढेर लगे हैं। कुछ स्कूलों की बिल्डिंगें ढह चुकी हैं और कहीं-कहीं 800 बच्चों पर सिर्फ 4 शिक्षक हैं। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में 90 हज़ार से ज्यादा सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया गया ताकि प्राइवेट स्कूल मोटी कमाई कर सकें। संजय सिंह ने कहा कि 'स्कूल ठीक करो' अभियान जारी रहेगा।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsसंजय सिंह का UP के 5 स्कूलों को लेकर बड़ा दावा, ढूंढने वाले को देंगे 1 लाख इनाम