आज का मौसम: गोरखपुर-देवरिया समेत इन जिलों में भारी बारिश की संभावना, दो दिनों के लिए अलर्ट जारी
गोरखपुर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में बीते दो दिनों से मॉनसून जमकर बरसा। गोरखपुर में 24 घंटे में 75 मिमी बारिश के साथ इस सीजन का सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने आज और कल भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।

Rain Alert: मॉनसून सीजन में झमाझम बारिश का टोटा आखिरकार रविवार को खत्म हो गया। बीते 24 घंटे मैं गोरखपुर में बादल झूमकर बरसे। इस सीजन में पहली बार मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। रविवार को 24 घंटे में 75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक बारिश है। मौसम विभाग के मुताबिक तो अगले सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश की संभावना है।
पश्चिमी यूपी में कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसका प्रभाव पूर्वी यूपी में एक सिस्टम बन गया है। इस सिस्टम के कारण अगले 6 दिनों तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसमें सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, बुधवार से आसमान में बादल जरूर छाए रहेंगे। लेकिन कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। बीते 24 घंटे में बादलों की मौजूदगी के बीच तापमान में इजाफा हुआ है। रविवार को कुछ देर के लिए सूरज के दर्शन हुए। गोरखपुर में दिन का तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर छू गया। रविवार को तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं, न्यूनतम 25.2 डिग्री रहा।
शनिवार से ही रुक-रुककर बारिश
गोरखपुर समेत कई अन्य जिलों में शनिवार से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रात में रुक-रुक कर रिमझिम फुहारें गिरती रहीं। रातभर बादल जमकर बरसे। रविवार को भी काले बादलों ने मौजूदगी का एहसास कराया। इस सीजन में पहली बार गोरखपुर में 75 मिमी बारिश हुई।
158.8 मिमी दर्ज की गई बारिश
आईएमडी के मुताबिक, प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य से कम सक्रिय रहा है और एक जून से 12 जुलाई के बीच राज्य में 190.9 मिलीमीटर की सामान्य बारिश के मुकाबले कुल 158.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो 17 फीसदी की कमी है।
विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसमी बारिश में 35 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 फीसदी अधिक वर्षा हुई है। आईएमडी ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसमी बारिश का वितरण असमान रहा है और मेरठ में सामान्य से 194 प्रतिशत, जबकि मुजफ्फरनगर में 191 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
आज किन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट?
13 जुलाई यानी सोमवार को पूर्वांचल के देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। आज और कल यहां ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

