शराब में मिलाने के लिए पानी नहीं लाया 9 साल का बच्चा, नशेड़ी रिश्तेदार ने सीने में उतार दी गोली
कासगंज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां नामकरण संस्कार के दौरान एक युवक ने शराब के लिए पानी न लाने पर 9 साल के बच्चे की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।

UP News: यूपी के कासगंज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार की देर रात नामकरण संस्कार के दौरान एक युवक ने शराब के लिए पानी न लाने पर 9 साल के बालक की गोली मार दी। आनन-फान में परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। वहीं, मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार की रात गांव याकूतगंज के रहने वाले जसवीर गोला के पुत्र का नामकरण संस्कार कार्यक्रम चल रहा था। इसी कार्यक्रम में सोरों के नगला बीच के रहने वाले धनेश यादव आया था। कार्यक्रम में अन्य बच्चों के साथ सुखवीर का 9 वर्षीय बेटा यश खेल रहा था। देर रात धनेश ने यश को अपने पास बुलाकर शराब के लिए पानी लाने को कहा। यश ने पानी लाने से मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर धनेश यादव ने यश पर गोली चला दी, गोली यश के पेट में जा लगी। घटना को अंजाम देकर आरोपी भाग गया।
रात में ही बालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां से रेफर किए जाने के बाद परिजन उसे अलीगढ़ ले गए। अलीगढ़ में उपचार के दौरान शनिवार की दोपहर बालक की मौत हो गई। एएसपी सुशील कुमार ने बताया कि, गांव याकूतगंज में हुई घटना के मामले में पीड़ित परिजनों की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है, अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
कपड़ा कारोबारी को घर के बाहर बुलाकर गोली मारी
उधर, मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में शनिवार रात बदमाशों ने एक कपड़ा कारोबारी को फोन कर घर के बाहर बुलाया और गोली मार दी। घायल कारोबारी को परिजनों और स्थानीय लोगों ने गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सिर में गोली लगने से कारोबारी की हालत नाजुक बनी है।
लिसाड़ीगेट ऊंचा सद्दीक नगर निवासी मुमताज ने बताया कि वह भूमिया पुल पर ठेला लगाता है। उसने बताया कि सबसे छोटे बेटे अमन के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने काम के बहाने उसे घर के बाहर बुलाया। जैसे ही अमन घर के बाहर पहुंचा तो घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली सिर में लगने की वजह से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

