
चाइनीज मांझे से कटी युवक की गर्दन, पत्नी के सामने ही तड़प-तड़पकर मौत
संक्षेप: चाइनीज मांझे के कारण एक और युवक की मौत हो गई है। शाहजहांपुर में भैया दूज के मौके पर पत्नी को लेकर ससुराल जा रहे युवक की चाइनीज मंझे से गर्दन कट गई। पत्नी के सामने ही तड़प-तड़पकर उसकी मौत हो गई।
यूपी के शाहजहांपुर में भैया दूज जैसे खुशियों वाले पर्व पर दो परिवारों में मातम पसर गया है। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर रोजा थाना क्षेत्र में पत्नी के साथ बाइक से जा रहे युवक की चाइनीज मांझे की चपेट में आने से गर्दन कट गई। पत्नी के सामने ही उसकी तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटना गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। युवक भैया दूज पर टीका के लिए पत्नी को लेकर ससुराल जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पति-पत्नी दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया। भैया दूज जैसे त्योहार पर हुए हादसे ने जीवन भर के लिए न भूलने का वाला गम दे दिया है।

बताया जाता है कि हांडा पुल पर पहुंचते ही चाइनीज मांझा युवक की गर्दन में फंस गया। मांझा इतना धारदार था कि इससे पहले कि युवक खुद को बचा पाता उसकी गर्दन कट गई और खून फव्वारे की तरह बहने लगा। बाइक और पत्नी समेत युवक सड़क पर गिर पड़ा। पति को इस तरह गिरते और तड़पते देख पत्नी ने लोगों से मदद की गुहार मांगी। इससे पहले की कोई कुछ कर पाता युवक की मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल और युवक की पूरी शर्ट खून से लाल हो गई। यह भयावह मंजर देखकर मौके पर मौजूद उसकी पत्नी सदमे से बेहोश हो गई। कुछ देर बाद युवक की मां भी वहां पहुंची। दोनों को तुरंत मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद इस तरह के जानलेवा हादसे लगातार हो रहे हैं। ऐसे में यह हादसे प्रशासन की कार्रवाई पर बड़ा सवाल उठाते हैं। इस दुर्घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि चाइनीज मांझा न सिर्फ पतंगबाजी के लिए बल्कि आम लोगों के लिए भी एक जानलेवा खतरा है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



