Hindi NewsUP NewsA turn in bed by the parents claimed the newborn's life, causing a tragic accident
बिस्तर पर मां-बाप के करवट ने ली नवजात की जान, दर्दनाक हादसे से मचा कोहराम

बिस्तर पर मां-बाप के करवट ने ली नवजात की जान, दर्दनाक हादसे से मचा कोहराम

संक्षेप:

यूपी के मुरादाबा में दर्दनाक हादसा हुआ है। बिस्तर पर मां-बाप के बीच सोए 23 दिन के नवजात की दम घुटने से जान चली गई है। माना जा रहा है कि मां या बाप के करवट लेने के कारण ऐसा हुआ है। गजरौला के सिहाली जागीर गांव में शादी के चार साल बाद हुए बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

Dec 09, 2025 06:33 am ISTYogesh Yadav गजरौला (अमरोहा), संवाददाता
share Share
Follow Us on

यूपी के मुरादाबाद में गजरौला के सिहाली जागीर गांव में रविवार देर रात हृदय विदारक हादसे में 23 दिन के मासूम की दम घुटने से मौत हो गई। मासूम मां-पिता के बीच में सो रहा था। माना जा रहा है कि गहरी नींद में, जाने-अनजाने में दोनों में से किसी की करवट का दबाव पड़ा और मासूम का दम घुट गया। जब तक मां की आँख खुली, तब तक उसका जिगर का टुकड़ा निढाल हो चुका था। जीवन की आस में परिजन बच्चे को लेकर सीएचसी पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मार्मिक घटना ने केवल परिवार को ही नहीं, बल्कि समूचे गांव को चीत्कार से भर दिया है। अब मां-बाप एक-दूसरे को देख रहे हैं, और सवाल कर रहे हैं कि आखिर उनकी किस गलती ने उनके घर का यह इकलौता चिराग बुझा दिया। सीएचसी पर आपस में भिड़े माता-पिता ने एक-दूसरे पर लापरवाही के आरोप लगाए। मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर निवासी एक युवक की पत्नी ने 23 दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम दंपत्ति बेड पर सो रहे थे और उनके बीच में ही 23 दिन का नवजात भी सोया हुआ था।

ये भी पढ़ें:मां के सामने नवजात को उठा ले गया भेड़िया, थानेदार की गाड़ी के सामने आया तेंदुआ

रात करीब आठ बजे नवजात की मां ने उठकर देखा तो बच्चा बेड पर निढाल पड़ा था। यह देखते ही घबराई महिला के शोर मचाने पर परिवार के लोग भी जाग गए। आनन-फानन में नवजात को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इससे दुखी पति-पत्नी दहाड़ मारकर रोने लगे। अस्पताल परिसर में ही दोनों ने एक-दूसरे की गलती से नवजात के दबने और मौत होने का आरोप लगाते हुए झगड़ना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद परिवार के लोगों और अन्य लोगों ने किसी तरह समझा बुझाकर दोनों को शांत कराया। इसके बाद सभी लोग गमगीन होकर अपने घर को लौट गए।

नवजात की मौत का मामला क्षेत्र में आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। सीएचसी प्रभारी डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि नवजात के परिजनों ने खुद को क्षेत्र के गांव सिहाली का निवासी बताया है। जांच में सामने आया है कि दम घुटने से नवजात की मौत हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

शादी के चार साल बाद परिवार में गूंजी थी किलकारी

गजरौला। बताया जा रहा है कि शादी के करीब चार साल बाद दंपति के घर में किलकारी गूंजी थी लेकिन उसे भी होनी ने छीन लिया। केवल 23 दिन में ही महिला की गोद सूनी हो जाने से परिवार में गम का माहौल है। पति-पत्नी जहां अपने नसीब को कोस रहे हैं तो वहीं परिवारजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।