
13 साल के किशोर को तालिबानी सज़ा, मोबाइल चोरी के शक में पेड़ से उलटा लटकाया
महराजगंज में मोबाइल चोरी के आरोप में एक किशोर के पैर को रस्सी से बांध उसे पेड़ से उलटा दिया गया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
यूपी के महराजगंज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां घुघली थाना क्षेत्र के घघरूआ खड़ेसर गांव में मोबाइल चोरी के आरोप में एक किशोर के पैर को रस्सी से बांध उसे पेड़ से उलटा दिया गया। घटना सोमवार की शाम की बताई जा रही है, लेकिन इसका वीडियो सोशल मीडिया पर मंगलवार को तेजी से वायरल होने लगा। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सत्यतता की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, इस मामले में किशोर की मां थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
किशोर को पेड़ से उल्टा लटकाने के मामले में सोशल मीडिया पर चार वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है। किशोर की उम्र 13 वर्ष के करीब बताई जा रही है। उसके दोनों पैर रस्सी से बांध पेड़ से उलटा लटकाया गया है। वायरल वीडियो में किशोर खुद को बचाने की गुहार लगा रहा है। अपने पिता को पुकार रहा है। मौजूद पर मौजूद युवक व कुछ किशोर वीडियो बना रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी। कुछ लोगों का कहना है कि घटना सोमवार की है, लेकिन 24 घंटे तक कार्रवाई नहीं हुई।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
इस मामले में घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह का कहना है कि मामला जानकारी में आते ही पुलिस जांच-पड़ताल करने मौके पर पहुंची। किशोर को पेड़ से उलटा लटकाने के मामले में कुछ को चिह्नित किया गया है। इसमें कुछ नाबालिग भी शामिल हैं। मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में प्रभारी एसपी सिद्धार्थ ने बताया कि मामला सामने आने के बाद घुघली पुलिस को जांच-कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। मामले में सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। घटना से संबंधित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।





