ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाएगी GRP, हर थाने से 10 पुलिसकर्मियों की टीम रोजाना 2 घंटे करेगी सफर
यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी की टीम रोजाना दो घंटे ट्रेन में सफर करेगी। इसके लिए जीआरपी के हर थाने पर 10-10 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई है। इनमें से पांच वर्दी में और पांच सादे कपड़ों में यात्रा करेंगे।

UP News: यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों में संदिग्धों पर नजर रखने के लिए रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम रोजाना दो घंटे ट्रेन में सफर करेगी। इसके लिए जीआरपी के हर थाने पर 10-10 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई है। इनमें से पांच पुलिसकर्मी वर्दी में और पांच सादे कपड़ों में यात्रा करेंगे। वर्दीधारी पुलिसकर्मी यात्रियों को सुरक्षा का एहसास कराने के साथ नियमित चेकिंग करेंगे, जबकि सादे कपड़ों में तैनात कर्मी संदिग्ध व्यक्तियों, असामाजिक तत्वों और अपराधियों की निगरानी करेंगे।
पुलिस अधीक्षक रेलवे के आदेश पर इस टीम का गठन किया गया है। यह टीम रोजाना कम से कम दो घंटे तक चयनित ट्रेन में सफर करेगी। इस दौरान ट्रेनों में चोरी, लूट, छेड़छाड़, नशीला पदार्थ खिलाकर वारदात करने वाले गिरोहों और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखना होगा। सफर के दौरान पुलिसकर्मी संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनकी जांच करेंगे और जरूरत पड़ने पर पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई भी करेंगे।
इसे लेकर रेलवे पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक जीआरपी थाने से विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें प्रतिदिन अलग-अलग ट्रेनों में दो घंटे यात्रा कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगी। वर्दीधारी और सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी संदिग्धों की पहचान, चेकिंग और अपराध नियंत्रण का कार्य करेंगे। विशेष रूप से रात की ट्रेनों पर फोकस रखा जाएगा ताकि यात्रियों को निर्भय यात्रा का माहौल मिल सके।
इन ट्रेनों के रनिंग स्टाफ का मिलेगा स्पेशल भत्ता
उधर, रेलवे बोर्ड ने प्रयागराज एक्सप्रेस, वंदे भारत समेत देश की 155 प्रमुख ट्रेनों को आधिकारिक रूप से हाई स्पीड श्रेणी में शामिल कर लिया है। इस फैसले के बाद इन ट्रेनों का संचालन करने वाले लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर (गार्ड) को विशेष हाई स्पीड भत्ते का लाभ मिलेगा। इससे रनिंग स्टाफ के वेतन में हर महीने पांच से दस हजार रुपये तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी सूची में वंदे भारत, राजधानी, शताब्दी, दुरंतो और तेजस जैसी आधुनिक ट्रेनों के साथ प्रयागराज एक्सप्रेस, महाबोधि, शिवगंगा और श्रमशक्ति एक्सप्रेस को भी शामिल किया गया है। अभी तक ये ट्रेनें तेज रफ्तार से चलने के बावजूद तकनीकी रूप से हाई स्पीड सूची में शामिल नहीं थीं, जिसके कारण कर्मचारियों को विशेष भत्ता नहीं मिल पा रहा था।नई व्यवस्था के तहत लोको पायलटों की माइलेज दर प्रति 100 किलोमीटर 485 रुपये से बढ़ाकर 606 रुपये कर दी गई है, जबकि गार्ड के लिए यह 439 रुपये से बढ़कर 549 रुपये हो गई है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

