प्रदेश भर के बूथों पर खास अभियान, यूपी एसआईआर को लेकर जानें नया अपडेट

Feb 22, 2026 08:00 pm ISTAjay Singh प्रमुख संवाददाता, लखनऊ
share

प्रदेश भर के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी निर्धारित समय अवधि में उपस्थित रहे और मतदाताओं से आवेदन प्राप्त किए। मतदाताओं को प्रपत्र 6 एवं 8 भरने में आवश्यक सहायता प्रदान की गई और नागरिकों द्वारा अपने नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने एवं संशोधन से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।

प्रदेश भर के बूथों पर खास अभियान, यूपी एसआईआर को लेकर जानें नया अपडेट

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत उत्तर प्रदेश में 50 प्रतिशत से अधिक नोटिस की सुनवाई का काम पूरा हो चुका है। निर्वाचन आयोग द्वारा रविवार को प्रदेशभर के बूथों पर विशेष अभियान का आयोजन किया गया था। इसमें 1.66 करोड़ से अधिक नो मैपिंग और तार्किक विसंगतियों के नोटिसों की सुनवाई का कार्य पूरा कर लिया गया।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 (एसआईआर) के तहत रविवार को प्रदेश के सभी 1.77 लाख मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान दिवस का मुख्य उद्देश्य दावा एवं आपत्तियों को तय अवधि में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करना तथा मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन करना है। इसके पूर्व 11 जनवरी, 18 जनवरी और 31 जनवरी को भी तीन अभियान दिवसों का सफल आयोजन किया जा चुका है।

प्रदेश भर के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) निर्धारित समय अवधि में उपस्थित रहे और मतदाताओं से आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान मतदान केंद्रों पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था रही, जहां मतदाताओं को प्रपत्र 6 एवं 8 भरने में आवश्यक सहायता प्रदान की गई और नागरिकों द्वारा अपने नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने एवं संशोधन से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) का भी अभियान में सहयोग प्राप्त हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 3.26 करोड़ मतदाताओं को नो मैपिंग एवं तार्किक विसंगतियों से संबंधित नोटिस जारी किए जाने के बाद अब तक 1.66 करोड़ से अधिक नोटिसों की सुनवाई की जा चुकी है। नोटिस सुनवाई की कार्यवाही में प्रदेश की औसत प्रगति 50 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है।

6 मार्च तक पात्र मतदाताओं से अपना नाम दर्ज कराने की अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपील की है कि दावा एवं आपत्ति अवधि की अंतिम तिथि 6 मार्च तक सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने यह भी बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन के लिए आवेदन ECINET मोबाइल एप्लीकेशन तथा voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी किया जा सकता है।

11 जिलों में 70 फीसदी से अधिक सुनवाई पूरी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नोटिस सुनवाई में प्रदेश के 11 जिले ऐसे हैं, जहां 70 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की सुनवाई पूरी हो चुकी है। ये 11 जिले औरैया, एटा, अम्बेडकरनगर, शामली, फिरोजाबाद, बदायूं, आजमगढ़, बस्ती, चित्रकूट, सहारनपुर और मथुरा हैं। श्री रिणवा ने इन जिलों के बीएलओ एवं एसआईआर में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

15 जिलों में 40 फीसदी या उससे कम सुनवाई

नवदीप रिणवा ने बताया कि नोटिस सुनवाई में 40 प्रतिशत अथवा उससे कम प्रगति वाले 15 जिले मसलन मऊ, बलरामपुर, ललितपुर, अमेठी, श्रावस्ती, सम्भल, गोण्डा, पीलीभीत, गाजियाबाद, कानपुर देहात, महराजगंज, देवरिया, बहराइच, रायबरेली एवं कौशाम्बी हैं जिन्हें योजनाबद्ध रूप से सुनवाई के कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए गए हैं।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।