यूपी के इस BSA ऑफिस में शर्मनाक घटना, बिल बाबू और युवती के बीच गाली-गलौज; घूस का आरोप
रिश्वत मांगने के आरोप को लेकर एक बिल बाबू और युवती में जमकर झगड़ा हुआ। युवती ने बाबू पर 4 लाख रुपए रिश्वत लेने और अतिरिक्त दो लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। कार्यालय में करीब 15 मिनट तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला।

उत्तर प्रदेश के आगरा के बेसिक शिक्षा विभाग में शर्मनाक घटना हुई है। रिश्वत मांगने के आरोप को लेकर एक बिल बाबू और युवती में जमकर झगड़ा हुआ। गाली-गलौज के बाद विभाग में जमकर हंगामा हुआ। युवती का आरोप है कि उनके सेवानिवृत्त पिता के देयों के भुगतान के लिए बिल बाबू ने चार लाख रुपये की रिश्वत ली है। फिर भी आज तक भुगतान नहीं हुआ है। अब दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा है। युवती ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से विभागीय कार्रवाई व मुकदमा दर्ज कराने को शिकायती पत्र दिया है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट इकथरा के हेडमास्टर चंद्रकांत दुबे मार्च-26 में सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके देयों के भुगतान विभाग में लंबित हैं। उनकी पत्रावलियां खंड शिक्षाधिकारी ने हस्ताक्षर करके बढ़ा दी हैं। आरोप है कि फाइल लंबे समय से बिल बाबू के पास थीं। वे लगातार चक्कर काट रहे हैं। मगर, आज तक उनके देयों का भुगतान नहीं हुआ है। पिछले मंगलवार को शाम करीब साढ़े तीन बजे सेवानिवृत्त शिक्षक और उनकी बेटी कल्पना दुबे जिला बेसिक शिक्षाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। यहां उनकी मुलाकात उस बाबू से हो गई। उन्होंने अपने काम के बारे में पूछा। युवती का आरोप है कि बाबू ने उनके काम के एवज में तीन किस्तों में चार लाख रुपये रिश्वत ली है।
युवती ने लगाया द्विअर्थी शब्दों के इस्तेमाल का आरोप
अब उनसे अतिरिक्त दो लाख रुपये की मांग की जा रही है। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। हंगामा होता देखकर कार्यालय के लोग इकट्ठा हो गए। करीब 15 मिनट तक कार्यालय में हाई वोल्टेज ड्रामा चला। अंत में युवती को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। युवती ने पूरे घटनाक्रम की जिला बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. राकेश सिंह से शिकायत की है। इसमें बाबू पर उनके पिता से बदसलूकी करने, उनसे अमर्यादित शब्द बोलने, द्विअर्थी शब्दों का प्रयोग करने, गाली-गलौज करने के आरोप लगाए हैं। आरोपी बाबू के खिलाफ विभीगीय कार्रवाई करते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की अनुमति मांगी है। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है। पक्ष जानने के लिए सुनवाई लगाई गई है।
बाबू की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद आरोपित बाबू की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। बताया जा रहा है कि आए दिन विभाग में इसकी शिकायतें हो रही हैं। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने इसका तबादला भी फतेहाबाद कर दिया है। लेकिन, आदेशों का अनुपालन नहीं किया गया है। इस बाबू की नियुक्ति भी सवालों के घेरे में है। इसकी विभागीय जांच भी जारी है। शिक्षक नेता संबंधित बाबू की निरंतर शिकायतें कर रहे हैं।


