शहीद पथ पर एलीवेटेड रोड मांगा, देने में गडकरी ने जरा भी देर नहीं की; लखनऊ में राजनाथ बोले
लखनऊ में रक्षामंत्री राजनाथ ने जाम से निजात के लिए शहीद पथ पर एलीवेटेड रोड की बात लोकार्पण व शिलान्यास समारोह में खुले मंच से की। राजनाथ ने कहा कि शहीद पथ पर एलीवेटेड रोड मांगा, देने में गडकरी ने जरा भी देर नहीं की।

उत्तर प्रदेश की राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था से त्रस्त लखनऊ के सांसद और रक्षामंत्री ने जाम से निजात के लिए शहीद पथ पर एलीवेटेड रोड की बात लोकार्पण व शिलान्यास समारोह में खुले मंच से की। साथ ही बताया कि ज़ब इस मांग को उन्होंने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सामने रखा तो उन्होंने तुरंत मंजूरी दे दी। कहा कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे निर्माण की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। जैसे नितिन गडकरी को जानकारी हुई तुरंत स्वीकृति प्रदान कर दी। नितिन जी की खूबी है कि जो जो मांगोगा आप उसे देने में रंच मात्र देर नहीं करेंगे।
यह बात लखनऊ के सांसद व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कही। वह लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित सैनिक स्कूल परिसर में लखनऊ -कानपुर एक्सप्रेस व, लखनऊ -हरदोई (32 किमी ) फोर लेन के लोकार्पण और इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही।
राजनाथ ने कहा कि नितिन गडकरी पहले बोलते तो लखनऊ के लिए मांगने का अवसर नहीं मिलता, इसलिए मैंने अनुरोध किया कि मुझे ही पहले बोलने दीजिए। कहा कि आज मैने लखनऊ की जनता की तरफ से नितिन गडकरी के सामने कुछ मांग रखी। उन्हें बताया कि लखनऊ में ट्रैफिक जाम की समस्या सबसे ज्यादा है। शहीद पथ पर जाम से एयरपोर्ट जाने में दिक्क़त होती है। इसलिए शहीद पथ पर एलीवेटेड रोड बनवा दें। 23 किमी लंबे एलीवेटेड रोड का अनुरोध किया। कहा कि जब देश में प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे तब मै सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री था। उसी दौरान शहीद पथ की नींव पड़ी थी। यदि आज यह न होता तो ट्रैफिक का क्या हाल होता, समझा जा सकता है। मैंने नितिन गडकरी से अनुरोध किया कि कि एलीवेटेड रोड के ऊपर मेट्रो भी बनाया जाए। एलीवेटेड रोड बन जाने से जिसे उधर से आना होगा वह उससे आएगा और जाने वाला शहीद पथ से। जाने में भी व्यवस्था लागू हो सकती है। लखनऊ के लोगों के लिए आउटर रिंग रोड पर सर्विस लेन और लखनऊ -सीतापुर हाईवे सिक्स लेन किए जाने की मांग की। नितिन गडकरी ने इन्हे मंजूर कर लिया।
देश में प्रदेश की तारीफ हो रही
राजनाथ सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था चुस्त -दुरुस्त हुई है। उनके नेतृत्व में जिस प्रकार उत्तर प्रदेश का विकास हो रहा इसकी चर्चा देश के दूसरे राज्यों में होती। प्रदेश के विकास में सबसे अहम बात होती है चुस्त -दुरुस्त कानून व्यवस्था। आज पूरे देश में इसकी तारीफ की जाती है।
ब्रह्मास जैसे बड़ी इंडस्ट्री आ रहे हैं
प्रदेश के विकास के लिए मुख्यमंत्री योगी ने जो परियोजनाएं सामने रखीं, उसकी स्वीकृति दे दी।ब्रह्मास आज लखनऊ और प्रदेश की पहचान है। ब्रह्मास जैसी और बड़ी बड़ी इंडस्ट्री लखनऊ में स्थापित होने जा रही है।


