रील बनने को लेकर यूपी के इस जिले में जमकर बवाल, चले पत्थर; पुलिस के सामने ही फायरिंग

Mar 08, 2026 08:33 pm ISTAjay Singh हिटी, मेरठ (दौराला)
share

आरोपियों ने रील बनाने के दौरान अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया और गाली गलौज भी की। मोनू ने इस बात का विरोध किया और घर के सामने से हटने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और आरोपियों ने मिलकर मोनू को जमकर पीटा। बीच बचाव में मोनू का दोस्त बॉबी सैनी आया तो उसे भी खूब पीटा गया।

रील बनने को लेकर यूपी के इस जिले में जमकर बवाल, चले पत्थर; पुलिस के सामने ही फायरिंग

UP Crime News: यूपी के मेरठ के इंचौली के बिसौला गांव में रविवार रात घर के बाहर रील बनाने को लेकर दो पक्षों में खूनी टकराव हो गया। इस दौरान जमकर बवाल और पथराव हुआ। पुलिस के सामने ही दनादन फायरिंग की गई। पथराव और फायरिंग में कई लोग घायल हो गए। बवाल की सूचना पर सीओ सदर देहात, इंचौली और मवाना थाने की फोर्स गांव पहुंची। गांव में फ्लैग मार्च निकाला गया और फोर्स तैनात की गई। चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर दर्जनों पर मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, शाम के समय भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम भी गांव पहुंचे और पूरे मामले में बड़ी कार्रवाई के लिए अधिकारियों से बात की।

इंचौली थाने के बिसौला गांव निवासी मोनू जाटव के घर के बाहर रविवार रात करीब 10 बजे गांव निवासी रिहान, नदीम, नईम और अलीशेर अपने कुछ साथियों के साथ खड़े होकर वीडियो रील बना रहे थे। युवकों ने एक यू-ट्यूब चैनल और सोशल मीडिया अकाउंट बनाया हुआ है, जिस पर रील अपलोड करते हैं। आरोपियों ने रील बनाने के दौरान अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया और गाली गलौज भी की। मोनू ने इस बात का विरोध किया और घर के सामने से हटने के लिए कहा। कह दिया कि अपने घर जाकर रील बनाओ। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और आरोपियों ने मिलकर मोनू को जमकर पीटा। बीच बचाव में मोनू का दोस्त बॉबी सैनी आया तो उसे भी खूब पीटा गया।

छतों पर चढ़कर किया पथराव

मोनू और बॉबी की चीख पुकार सुनकर परिजन घरों से बाहर आए। इस दौरान आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी गली में ही अपने घरों की छतों पर जा चढ़े और पथराव शुरू कर दिया। आरोपियों ने इस दौरान गोलियां भी चलाई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। यूपी 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। पुलिस के सामने ही फायरिंग और पथराव होता रहा। इसके बाद थाना पुलिस और आला अधिकारियों को सूचना दी गई। मवाना, इंचौली और आसपास की चौकियों से फोर्स को बिसौला गांव बुलाया गया। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह भी गांव में डेरा डाले रहे।

गांव में फोर्स तैनात, चार गिरफ्तार

पुलिस ने रात के समय घायल मोनू, बॉबी समेत पांच लोगों को मेडिकल कराया। गांव में तनावपूर्ण माहौल के चलते पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई और फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान चार आरोपी रिहान, नदीम, नईम और अलीशेर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कुछ हथियार भी बरामद किए हैं। मोनू की तहरीर पर 8 लोगों को नामजद करते हुए 15 से ज्यादा अज्ञात पर कातिलाना हमले, बलवे और बाकी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

संगीत सोम मौके पर पहुंचे

दलित और सैनी पक्ष पर हुए हमले के विरोध में भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम रविवार शाम को गांव पहुंच गए। यहां पर दोनों पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और हर मदद का आश्वासन दिया, साथ ही इस मामले में पुलिस के आला अधिकारियों से बातचीत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कहा। संगीत सोम ने आरोप लगाया कि यह दंगा कराने की साजिश है। इस तरह से माहौल खराब किया जा रहा है।

घर की छतों पर पहले से ही जमा थे पत्थर

पूर्व विधायक संगीत सोम और पुलिस के सामने पीड़ित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पहले से ही अपने घरों की छतों पर पत्थर जमा किए हुए हैं, साथ ही हथियार भी जुटाकर रखे हैं। गांव में ड्रोन से सर्वे कराने की बात कही। कहा कि ड्रोन से पुलिस देख सकती है कि मुस्लिम पक्ष ने अपने घरों की छतों पर ईंटें जुटाकर रखी हैं, साथ ही ये भी आरोप लगाया कि गांव में आए दिए छींटाकशी की जाती है

क्या बोले एसपी

मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि बिसौला गांव में दो पक्ष में आपस में मारपीट हुई थी। थाना पुलिस और बाकी अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने कठोर धारा में मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।