
दलित लड़की से निकाह करने पहुंचा मुस्लिम युवक, हिंदू संगठनों ने किया हंगामा, बारातियों को रोका
बस्ती जिले में शुक्रवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दलित के घर गोंडा जिले से एक व्यक्ति बारातियों के साथ निकाह करने पहुंचा। दलित परिवार की बेटी से निकाह की सूचना पर हिंदू संगठन के लोगों ने बवाल काटा। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामला संभाला।
यूपी के बस्ती जिले के परसरामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दलित के घर गोंडा जिले से एक व्यक्ति बारातियों के साथ निकाह करने पहुंचा। दलित परिवार की बेटी से निकाह की सूचना पर हिंदू संगठन के लोगों ने विरोध जताया। पुलिस दूल्हे और बारातियों को थाने पर लेकर चली आई। शांति व्यवस्था के लिए गांव में पुलिस तैनात है।
जानकारी के अनुसार करीब एक साल पहले दलित परिवार की एक लड़की गोंडा जिले के एक गांव में अपने रिश्तेदार के यहां गई थी, जहां उसकी एक मुस्लिम युवक से मुलाकात हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं। युवक ने लड़की से शादी का प्रस्ताव रखा और लड़की के परिजनों से बात की। परिजन राजी हो गए और विवाह की तारीख तय कर बारात बुला ली गई। बारात जब दुल्हन के गांव पहुंची तो दूल्हे और बारातियों के मुस्लिम समुदाय से होने पर लोगों ने हैरानी जताई।
कुछ लोगों ने इसकी सूचना विश्व हिंदू महासंघ के स्थानीय पदाधिकारियों को दे दी। संगठन के महेश हिंदुस्थानी, साहब पाठक, संजय पांडेय समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर शादी का विरोध किया और इसकी सूचना परसरामपुर थाने को दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने इसे ‘लव जिहाद’ करार देते हुए तगड़ा विरोध जताया।
परसरामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति बिगड़ती देखकर दूल्हे सहित करीब आधा दर्जन बारातियों को लेकर थाने चली आई। पुलिस के मुताबिक लड़की का पिता गांव में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। दूल्हा मुंबई में रहकर पीओपी का काम करता है। इस मामले में थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। दूल्हा-दुल्हन बालिग होने का दावा कर रहे हैं। पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। फिलहाल स्थिति शांत है।





