
लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग, वीआईपी गेस्ट हाउस बनेगा
राजधानी लखनऊ में हरदोई रोड स्थित बसंतकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास मल्टीलेवल पार्किंग और वीआईपी गेस्ट हाउस बनेगा। इस पार्किंग में बसों से लेकर छोटे वाहनों तक की व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा होगी।
यूपी की राजधानी लखनऊ में वसंतकुंज में बन रहे राष्ट्र प्रेरणा स्थल को लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अब प्रेरणा स्थल के समीप अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग और गेस्ट हाउस बनाने का निर्णय लिया गया है। इस पार्किंग में बसों से लेकर छोटे वाहनों तक की व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा होगी। वहीं, वीआईपी अतिथियों के ठहरने के लिए विशेष गेस्ट हाउस भी बनाया जाएगा।

25 दिसंबर को होगा राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन
हरदोई रोड स्थित बसंतकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 25 दिसंबर 2025 को किया जाना प्रस्तावित है। इसको देखते हुए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि 10 दिसंबर तक सभी निर्माण कार्य किसी भी दशा में पूरे कराए जाएं, ताकि तय तारीख पर उद्घाटन में कोई बाधा न आए।
म्यूजियम और प्रेरणा स्थल का निर्माण अंतिम चरण में
राष्ट्र प्रेरणा स्थल परियोजना में विशाल म्यूजियम, ऑडिटोरियम और प्रेरणादायक स्थलों का निर्माण किया जा रहा है। यहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन प्रसंगों और योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। स्थल पर तीनों नेताओं की विशालकाय मूर्तियां पहले ही लगाई जा चुकी हैं। एलडीए अधिकारियों का कहना है कि म्यूजियम का काम तेजी से पूरा कराया जा रहा है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन इसी अवसर पर करेंगे।
निर्माण कार्यों में सुस्ती पर एलडीए की सख्ती
हाल ही में मुख्य अभियंता के नेतृत्व में किए गए निरीक्षण में निर्माण की गति धीमी पाई गई। मेसर्स बाबे इंफ्राटेक प्रा. लि. द्वारा किए जा रहे सिविल और फिनिशिंग कार्यों में गंभीर कमियां मिलीं, गेट नंबर-6 का निर्माण अधूरा था, स्टेज के सामने लगी टाइलों पर मिट्टी जमी थी, फॉल्स सीलिंग और रेलिंग का कार्य पूरा नहीं हुआ था। उपाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में कार्य पूरा न करने पर अर्थदंड और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रोजाना निरीक्षण की तय जिम्मेदारी
कार्य की प्रगति पर सख्त निगरानी के लिए एलडीए उपाध्यक्ष ने दिनवार निरीक्षण प्रणाली लागू की है। चार अधिकारियों को अलग-अलग दिनों की जिम्मेदारी दी गई है। सोमवार को अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, बुधवार अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, शुक्रवार को संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह, रविवार को संयुक्त सचिव सोमकमल सीताराम निरीक्षण करेंगे। इन अधिकारियों को अपने निर्धारित दिन पर स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट उपाध्यक्ष को सौंपनी होगी।



