
बर्तन व्यापारी के घर में लगी भीषण आग, दंपती ने बमुश्किल बचाई जान
क्वार्सी क्षेत्र के जमालपुर स्थित दुकान में हुई घटना,दुकान के ऊपर पहली मंजिल पर है गोदाम व मकान,शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दमकल की पांच गाड़ी पहुंचीं,करीब आधा घंटा में बुझाई आग, लाखों का सामान जला।
क्वार्सी थाना क्षेत्र के जमालपुर स्थित बर्तन व्यापारी के घर में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। व्यापारी व उनकी पत्नी ने बामुश्किल बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद लोगों की मदद से आग को बुझाने का प्रयास किया। बाद में दमकल की पांच गाड़ियां पहुंची। तब जाकर करीब आधा घंटा बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसमें लाखों का सामान जलकर राख हो गया।
जमालपुर ईदगाह के सामने रहने वाले मोहम्मद जाहिद के घर के नीचे ही बिस्लिम एजेंसीज के नाम से बर्तन व किचनवेयर की दुकान है। ऊपरी तल पर गोदाम बना हुआ है। इसी तल पर उनका परिवार रहता है। जाहिद ने बताया कि गुरुवार को रोज की तरह बच्चों को स्कूल के लिए भेज दिया। इसके बाद पत्नी कमरे में सो रही थीं। तभी अचानक बिजली चली गई। इन्वर्टर होने के बावजूद बिजली चली जाने पर हैरानी हुई। बाहर आकर देखा तो कमरे से धुआं निकल रहा था। वे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कमरे में आग लग गई। जाहिद पत्नी को लेकर दुकान के रास्ते से बाहर आए। सबमर्सिबल न चलने के चलते टंकी से पानी भरकर डाला। आसपास के लोग भी जुट गई। जानकारी पर सीएफओ मुकेश कुमार, बन्नादेवी फायर स्टेशन प्रभारी संजीव कुमार सिंह पहुंच गए। इसके बाद आग को बुझाया जा सका। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। वहीं, दुकान मालिक नुकसान का आंकलन कर रहे हैं।





