पैरोल पर जेल से निकले शख्स पर बरसाईं गोलियां, मर्डर केस में हो चुकी है उम्रकैद

संवाददाता, औरंगाबाद (बुलंदशहर)
Follow us on Google News
share

UP Crime : शिवकुमार शर्मा को जितेंद्र शर्मा के हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। वह पेरोल पर बाहर आया हुआ था। मंगलवार सुबह शिवकुमार पैदल ही अपने खेतों पर जा रहा था। इस दौरान गांव के 4 बदमाश मौके पहुंचे। बताया जाता है कि शिवकुमार को देखते ही बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी,

Crime Scene (Symbolic Photo)

UP Crime News: यूपी के बुलंदशहर के अगौता थाना क्षेत्र के गांव बीहरा में मंगलवार सुबह खेतों पर जा रहे व्यक्ति पर बाइक सवार चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। व्यक्ति को तीन गोलियां लगी हैं। पुलिस ने गंभीर हालत में घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। एसएसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली है। गोली से घायल व्यक्ति को हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा हो चुकी है और वह ढाई माह पहले ही जेल से पेरोल पर आया था।

गांव बीहरा निवासी शिवकुमार शर्मा 50 वर्ष को गांव के ही जितेंद्र शर्मा के हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। 16 दिसंबर 2025 को जेल से शिवकुमार शर्मा पेरोल पर बाहर आया हुआ था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे शिवकुमार शर्मा पैदल ही अपने खेतों पर जा रहा था। इस दौरान गांव के चार बदमाश मौके पहुंचे। बताया जाता है कि शिवकुमार को देखते ही बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें शिवकुमार शर्मा को तीन गोलियां लगीं। एक गोली सीने में, दूसरी गोली माथे पर, जबकि तीसरी गोली आंख के पास लगी। हमलावर शिवकुमार शर्मा को मरा समझकर मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर अगौता थाना प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल शिवकुमार शर्मा को अपनी जीप से जिला अस्पताल पहुंचाया।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी शंकर प्रसाद मौके पर पहुंचे और उन्होंने घायल के परिजनों से घटना की जानकारी ली। चिकित्सकों ने गंभीर हालत देख उसे नोएडा के लिए रेफर कर दिया है। हालांकि परिजनों ने देर रात तक घटना की बाबत तहरीर थाने में नहीं दी थी।

राशन डीलर की शिकायत से शुरू हुई थी वर्चस्व की लड़ाई

गांव बीहरा में राशन डीलर की शिकायत से ही दोनों पक्षों में वर्चस्व की लड़ाई शुरू हुई थी, जिसमें मुख्य गवाह का मर्डर तक हो चुका है। जबकि मंगलवार को सजायाफ्ता कैदी पर ताबड़तोड़ जानलेवा हो गया। बता दें कि गांव बीहरा में वर्ष 2018 में शिवकुमार शर्मा की पत्नी गांव की राशन डीलर थी। नरेंद्र और छत्तर जाटव ने डीएम से राशन डीलर की शिकायत की थी। शिकायत से बौखलाकर शिवकुमार शर्मा ने शिकायतकर्ताओं को अपने घर में बंधक बनाकर पीटा था। जिस मामले में गांव के ही जितेंद्र शर्मा और मुन्ना मुख्य गवाह थे। धमकी मिलने के बाद शिवकुमार शर्मा ने अपने छोटे भाई और पुत्र के साथ मिलकर 8 सितंबर 2018 को जितेंद्र शर्मा की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी।

मामले में शिवकुमार शर्मा, छोटा भाई अशोक और पुत्र तरुण शर्मा जेल गये थे। शिवकुमार शर्मा और अशोक शर्मा को आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। जबकि घटना के वक्त तरुण नाबालिग था जो वर्तमान में आगरा जेल में बंद है। शिवकुमार शर्मा 16 दिसंबर 2025 को पेरोल पर छूटा था, जबकि उसका छोटा भाई अशोक शर्मा एक जनवरी 2026 को पेरोल पर छूटकर गांव आया है। मंगलवार की सुबह शिवकुमार शर्मा पर जानलेवा हमला हो गया। वह नोएडा के अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। बहरहाल घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल है। एसपी सिटी ने गांव पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया है। एसपी सिटी ने पुलिस टीम को गांव में रहने के निर्देश दिए हैं। हालांकि अगौता थाना प्रभारी अतुल चौहान का कहना है कि घटना के बारे में कोई बताने को तैयार नहीं है। घर के पास हुई वारदात के बावजूद महिलाएं भी कुछ नहीं बोल पा रही हैं।

क्या बोली पुलिस

एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर सजायाफ्ता कैदी पर जानलेवा हमला हुआ है। चार हमलावरों की संलिप्तता सामने आ रही है। हमलावरों की तलाश में पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।