
बछड़े को दबोचकर भागा तेंदुआ, ग्रामीणों के पीछा करने पर पेड़ पर चढ़ा, फिर...
यूपी के कई जिलों में जंगली जानवरों का खौफ कम होने का नाम ही नहींं ले रहा है। बहराइच और बलरामपुर में तो लगातार जंगली जानवर दहशत बने हुए हैं। बलरामपुर में तेंदुआ फिर आया और बछड़े को दबोचकर भाग निकला। ग्रामीणों के पीछा करने पर पेड़ पर चढ़ गया।
तुलसीपुर, संवाददाता। सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग जनकपुर रेंज के ग्राम भंगही में तेंदुए का आतंक लगातार जारी है। शुक्रवार को रात गांव में पहुंचे तेंदुए ने बछड़े को दबोच लिया। शोर सुनकर ग्रामीण बाहर आ गए। बछड़े को बचाने के लिए हांका लगाते हुए लाठी-डंडा लेकर खदेड़ लिया। इस पर तेंदुआ बछड़े को छोड़कर पास के बाग में सागौन के पेड़ पर चढ़ गया। काफी देर तक पेड़ पर चढ़ा रहा। इस दौरान ग्रामीणों ने रेंज कार्यालय पर सूचना दी। टीम के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुद ही तेंदुए को भगाने में जुटे। इसके बाद तेंदुआ पेड़ से नीचे उतरकर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग किसी बड़े हमले का इंतजार कर रहा है,जिसके बाद ही हमलावर तेंदुए को पकड़ने का उपाय करेगा।
जनकरपुर रेंज के भंगही में तेंदुआ आतंक का पर्याय बना हुआ है पिछले चार दिनों के भीतर ही दो बकरियां और एक बछड़े को तेंदुआ निवाला बना चुका है। शुक्रवार की रात जगतपाल के बछड़े को दबोच लिया।। बछड़े के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े तो तेंदुआ गांव के पास लगे सागौन के बाग में घुस गया। ग्रामीणों की घेराबंदी पर पेड़ पर चढ़ गया। ग्रामीण विनय, मुकेश जगतपाल, स्वामीदयाल, उत्तम, अनिलकुमार, नंदकुमार, अलखराम आदि लोगों ने बताया कि इसकी सूचना रेंजर को दी गई,लेकिन रातभर कोई झांकने तक नहीं पहुंचा। जैसे-तैसे पेड़ पर चढ़े तेंदुए को गांव से दूर जंगल की ओर खदेड़ा गया।
दोबारा गांव में न पहुंचे इसके लिए सभी ग्रामीण रातभर रखवाली में लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि सिर्फ कागजों पर वन विभाग की टीम व निगरानी कर रही है,लेकिन धरातल में प्रभावित गांव में दिखाई नहीं देती है। चार दिनों से तेंदुआ शिकार के लिए उनके गांव में पहुंच रहा है,लेकिन समय पर टीम नहीं पहुंच रही है। इससे कभी तेंदुआ बच्चों पर भी हमला कर सकता है। इसके लिए वे लोग शाम होते ही घरों में कैद होने को विवश हो जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जल्द ही गांव के लोग पिंजरा लगवाने व निगरानी बढ़ाने को लेकर डीएम से मिलेंगे।
जनकपुर रेंज के रेंजर अमजीत प्रसाद के अनुसार वन विभाग की टीम निगरानी कर रही है। प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों से संवाद कर हमले से बचाने का प्रयास हो रहा है। सूचना मिलने पर तत्काल टीम प्रभावित गांव के लिए भेजी गई है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



