
कानपुर का भी एक डॉक्टर हिरासत में, दिल्ली ब्लास्ट के दिन शाहीन के संपर्क में था
संक्षेप: दिल्ली ब्लास्ट मामले में कानपुर का भी एक डॉक्टर हिरासत में लिया गया है। शाहीन के भाई डॉ. परवेज से पूछताछ में मिली कई चौंकाने वाली जानकारियों के बाद एटीएस ने यह कार्रवाई की है। धमाके वाले दिन यह डॉक्टर शाहीन के संपर्क में था।
दिल्ली कार ब्लास्ट के बाद एटीएस की जांच कानपुर तक भी पहुंच गई है। एटीएस ने बुधवार शाम को कानपुर के एक डॉक्टर को भी हिरासत में ले लिया है। शाहीन के भाई डॉ. परवेज से पूछताछ में मिली कई चौंकाने वाली जानकारियों के बाद एटीएस ने यह कार्रवाई की है। बताया जाता है कि दिल्ली विस्फोट वाले दिन इस डॉक्टर की परवेज और शाहीन के सम्पर्क में रहने वालों से बात हुई थी।

एटीएस सूत्रों के मुताबिक इस डॉक्टर ने भी एमबीबीएस तक पढ़ाई की है और वह कुछ समय पहले जम्मू-कश्मीर भी गया था। इस डॉक्टर के भी शाहीन से सम्पर्क बताए गए हैं। दावा किया जा रहा है कि दिल्ली विस्फोट कांड और उससे चार दिन पहले जितनी गिरफ्तारियां हुई है, उनसे इस डॉक्टर का भी सम्पर्क निकला है। यह डॉक्टर भी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके मोबाइल की कॉल डिटेल और उसमें मिले चैट से कई जानकारियां हाथ लगी है।
खुफिया एजेन्सियां उससे पूछताछ कर रही
एटीएस की टीम ने जैसे ही उसे उठाया, उसके घर वालों में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि डॉक्टर को भनक तक नहीं लगी। एटीएस सूत्रों का कहना है कि अगर एटीएस की टीम को पहुंचने में देर हो जाती है तो बुधवार शाम को ही शहर से बाहर निकलने वाला था। एटीएस और अन्य खुफिया एजेन्सियां उससे पूछताछ कर रही है।
परवेज के घर से कई संदिग्ध वस्तुएं
इससे पहले दिल्ली ब्लॉस्ट के बाद मड़ियांव के मुत्तकीपुर गांव में आतंकी साजिश की जांच के दायरे में आए डॉ. परवेज यहां मंगलवार की देर रात फिर से एटीएस और जम्मू पुलिस जांच के लिए पहुंची थी। सुरक्षा एजेंसियों को डॉ. परवेज के घर से कई संदिग्ध वस्तुएं और अहम साक्ष्य मिलने की चर्चाएं हैं। जांच एजेंसियां डॉ. परवेज की कार उठा ले गई हैं। साथ ही उसके घर से करीब नौ मोबाइल फोन, लैपटॉप व कई इलेक्ट्रानिक गैजेट्स, बड़ा चाकू मिला है। जिसे जांच टीम जब्त कर ले गई है। जिन्हें जांच के लिए एजेंसियां अपने साथ ले गई हैं। साथ ही उसके घर बाहर सहारनपुर जनपद के नंबर की खड़ी अल्टो कार भी उठा ले गई। अल्टो कार स्थानीय मड़ियांव पुलिस अपने साथ थाने ले गई है। जहां उसका लावारिश में दर्ज किया गया है। हालांकि घर के अंदर मौजूद लखनऊ के नंबर की स्पेलेंडर बाइक घर में ही खड़ी है। टीम बाइक को नहीं ले गई है।





