प्रिंसिपल के कमरे से शोर मचाते भागी लड़की, सातवीं की छात्रा से स्कूल में शर्मनाक हरकत
छात्रा शोर मचाते हुए स्कूल से बाहर भागी और परिजनों को सूचना दी। उसकी बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। वे तुरंत स्कूल पहुंचे। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने परिवार के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। छात्रा के पिता ने आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी फरार है।

UP News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित एक प्राइवेट स्कूल में शनिवार को शर्मनाक घटना सामने आई है। स्कूल में रिजल्ट लेने पहुंची कक्षा सात की छात्रा को प्रधानाचार्य ने अपने कक्ष में बुलाया और आरोप है कि उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए जबरन कपड़े उतारने का प्रयास किया।
छात्रा शोर मचाते हुए स्कूल से बाहर भागी और परिजनों को सूचना दी। परिजन स्कूल पहुंचे तो प्रधानाचार्य ने परिवार के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। छात्रा के पिता ने आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
रिजल्ट देने के बहाने बुलाया
शनिवार सुबह 13 वर्षीय छात्रा गांव स्थित एक निजी स्कूल में अपना वार्षिक परीक्षा परिणाम लेने गई थी। प्रधानाचार्य ने रिजल्ट देने के बहाने छात्रा को अपने कमरे में बुला लिया। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करते हुए जबरन उसके कपड़ों को उतारने का प्रयास किया। प्रधानाचार्य की इस हरकत से छात्रा हैरान रह गई। उसने प्रधानाचार्य की गंदी हरकत का विरोध किया।
इसके बाद भी प्रधानाचार्य अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उसने जबरन छात्रा के कपड़े उतारने की कोशिश शुरू कर दी। इस पर छात्रा शोर मचाते हुए उसके कमरे से बाहर भागी। छात्रा स्कूल में भी नहीं रुकी। वह सीधे अपने घर पहुंच गई और परिवार वालों को पूरी घटना बता दी।
आनन-फानन में स्कूल पहुंचे छात्रा के परिवारीजन
छात्रा की बातें सुन परिवार के लोगों के होश उड़ गए। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी बेटी के साथ स्कूल में ऐसा कुछ हो सकता है। परिवारीजन आनन-फानन में छात्रा के स्कूल पहुंचे। उन्होंने प्रधानाचार्य की हरकत का विरोध किया। उधर प्रधानाचार्य, छात्रा के परिवारीजनों के सामने अपना रौब दिखाने लगा। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने परिजनों से अभद्रता करते हुए उनके खिलाफ जातिगत टिपणी की। इस घटना के बाद से परिजन और छात्रा में दहशत व्याप्त है।
क्या बोली पुलिस
इस घटना की जानकारी मिलते ही हापुड़ के हाफिजपुर थाने की पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही प्रधानाचार्य की तलाश में पुलिस जुट गई है। हाफिजपुर थाने के प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफउसकी तलाश की जा रही है। उन्होंंने कहा कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

