पुलिस के पीछा करने पर भागी स्कॉर्पियो पलटी, दो की मौत; कार्रवाई पर उठे सवाल
देवरिया में पशु तस्कर समझकर पुलिस के पीछा करने के दौरान हादसे के शिकार हुए स्कॉर्पियो सवार बिहार से गोरखपुर घूमने आए थे। युवक और युवती की मौत की सूचना के बाद परिवारीजनों ने पुलिस पर सवाल उठाया है।

यूपी के देवरिया में पशु तस्कर समझकर पुलिस के पीछा करने के दौरान शुक्रवार देर रात देवरिया के गौरीबाजार में हादसे के शिकार हुए स्कॉर्पियो सवार बिहार से गोरखपुर घूमने आए थे। युवक और युवती की मौत की सूचना के बाद देवरिया मेडिकल कालेज पहुंचे परिवारीजनों ने पुलिस पर सवाल उठाया है। हादसे में घायल युवक का इलाज चल रहा है, उससे किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि अगर कोई बात नहीं थी तो वह बैरिकेडिंग तौड़कर इस तरह से भाग क्यों रहे थे।
गोरखपुर जिले की पुलिस शुक्रवार देर रात सफेद रंग की स्कॉर्पियो का पीछा करते हुए देवरिया जिले में प्रवेश की और वहां की गौरीबाजार पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। गौरीबाजार पुलिस रामपुर चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर संबंधित वाहन की तलाश में थी। इस दौरान रामपुर चौराहे से पहले ही पेट्रोल पंप के समीप एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर विद्युत पोल और फिर ट्रॉली से भी टकराने के बाद पलट गई। इसमें उसके परखच्चे उड़ गए। इसमें सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के सिसवन मुडा निवासी 20 वर्षीय एक युवती, अमित कुमार गोंड (22) पुत्र हरिश्चंद्र निवासी करनू, थाना हुसैनगंज, जिला सिवान की मौत हो गई। वहीं ब्रजेश यादव (25) पुत्र स्व. गौतम यादव भैंसा खाल, थाना जिरादेई, जिला सिवान घायल हो गया। प्रभारी निरीक्षक गौरीबाजार राहुल सिंह का कहना है कि गोरखपुर पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो के भागने की सूचना दी थी। चौराहे के पहले ही स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार गोरखपुर घूमने आए थे।
पहले पिकअप, फिर स्कॉर्पियो का पीछा करने लगी पुलिस
गोरखपुर पुलिस पिकअप सवार पशु तस्करों का पीछा कर रही थी। इस बीच अचानक पिकअप के पीछे स्कॉर्पियो आ गई। उसकी रफ्तार तेज होने से पुलिस को संदेह हुआ और उसने पीछा करना शुरू कर दिया। यह देख स्कॉर्पियो की रफ्तार बढ़ती गई और हादसा हो गया।
तो इसलिए पुलिस को देखकर भाग रहे थे स्कॉर्पियो सवार
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार ब्रजेश यादव शराब के नशे में था। गाड़ी में एक लड़की और शराब की बोतल भी थी। कहा जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार लोग इसीलिए पुलिस को पीछा करते देख भागने लगे थे। वह भागे न होते तो पुलिस पीछा न करती।
मौसी के घर जाने की बात कहकर निकली थी युवती
हादसे में जान गंवाने वाली युवती की मौसी गोरखपुर में रहती हैं। वह उन्हीं के घर जाने की बात कहकर शुक्रवार की सुबह निकली थी, लेकिन वहां नहीं पहुंची। उसका मोबाइल भी बंद था। इसके चलते परिजनों से उसका संपर्क भी नहीं हो पाया। शनिवार सुबह हादसे की जानकारी परिजनों को मिली तो उसका भाई मेडिकल कॉलेज पहुंचा। बहन का शव देखते ही बेहोश हो गया। युवती स्कॉर्पियो में कैसे आ गई, यह सवाल है। कहा जा रहा है कि युवती और ब्रजेश दोस्त थे। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



