
देवर की बारात से ठीक पहले भाभी ने दो बेटियों के साथ लगाई आग, तीनों की मौत से शादी वाले घर में कोहराम
यूपी के जालौन में शादी की खुशियों के बीच दिल को दहला देने वाली घटना हुई है। देवर की बारात से एक दिन पहले भाभी ने अपनी दो बेटियों के साथ आग लगा ली है। जालौन के अस्पताल में मां और एक बेटी की मौत हो गई। दूसरी बेटी को झांसी रेफर किया गया। वहां उनसे भी दम तोड़ दिया। देवर की मंगलवार को बारात जाने वाली थी।
यूपी के जालौन में कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दाढ़ी में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक कलह के कारण एक मां ने अपने दो बेटियों के साथ खुद को आग के हवाले कर दिया। तीनों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। कुछ देर बाद ही मां और 7 साल की बड़ी बेटी की मौत हो गई। एक साल की छोटी बेटी की हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर कर दिया गया है। वहां छोटी ने भी दम तोड़ दिया। महिला ने यह कदम तब उठाया जब मंगलवार को उसके देवर की बारात बरेली जाना है और आज ही शाम घर में मंडप का कार्यक्रम होना था।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दाढ़ी निवासी देवेन्द्र के छोटे भाई की मंगलवार को शादी है और बारात बरेली जानी है। इसके चलते सोमवार शाम को घर में मंडप कार्यक्रम होना था। इसकी तैयारी में पूरा परिवार लगा हुआ था। देवेंद्र परिवार के अन्य पुरुषों के साथ सब्जी लेने के लिए बाहर गया हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी आरती (27) अपनी बड़ी बेटी पीहू (7 वर्ष) और छोटी बेटी दृष्टि (एक वर्ष) को कमरे में बंद कर आग लगा ली। शादी वाले घर से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो आरती, पीहू और दृष्टि आग की लपटों में बुरी तरह झुलसे हुए मिले।
तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी गई और तीनों को अस्पताल भेजा गया।अस्पताल में चिकित्सकों ने मां आरती और बड़ी बेटी पीहू को मृत घोषित कर दिया। दूसरी बच्ची दृष्टि को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर कर दिया गया। वहां उसकी भी मौत हो गई। शादी वाले घर में एक साथ तीन मौतों से कोहराम मचा है।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि परिवार में कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसके चलते आरती मानसिक रूप से तनाव में थी। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। सूचना मिलते ही कोंच सीओ परमेश्वर प्रसाद के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद ही आत्महत्या की मुख्य वजह प्रतीत हो रहा है। घर से कुछ सामान और बयान जुटाए गए हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया जाएगा। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण करेगी। हालांकि पुलिस ने यह साफ नहीं किया कि पारिवारिक विवाद किस बात को लेकर था। इसे लेकर तरह तरह की चर्चा है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



