सड़क पर चलते-चलते अचानक बेकाबू होकर ट्रेलर में घुसी कार, 3 की मौत; 4 की हालत गंभीर
कसया की ओर से गोरखपुर जा रहा ट्रेलर जैसे ही हाटा नगर के रायल पैलेस मैरिज हाल के सामने पहुंचा, तभी अहिरौली क्षेत्र के सात युवक एक मांगलिक कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा देखकर क्रेटा कार से तेज गति में हाटा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई।

यूपी के कुशीनगर में रविवार की भोर में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह हादसा हाटा नगर क्षेत्र में एनएच-28 पर हुआ। नगर के रायल पैलेस मैरिज हाल के सामने तेज रफ्तार लग्जरी कार ने आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार ट्रेलर के अंदर घुस गई। मौके पर ही तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना रविवार सुबह करीब चार बजे की है। कसया की ओर से गोरखपुर जा रहा ट्रेलर जैसे ही हाटा नगर के रायल पैलेस मैरिज हाल के सामने पहुंचा, तभी अहिरौली तुलादास क्षेत्र के सात युवक एक मांगलिक कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा देखकर क्रेटा कार से तेज गति में हाटा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर के भीतर फंस गई।
कार में सवार नितेश (उम्र 20 वर्ष) पुत्र कृष्ण मुरारी निवासी कपूर पिपरा, हरिंद्र (उम्र 23 वर्ष) पुत्र पुरुषोत्तम तथा अमन (उम्र 26 वर्ष) पुत्र श्रवण वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूरज वर्मा (उम्र 23 वर्ष) पुत्र राजू निवासी कस्बा हाटा, शैलेश वर्मा (उम्र 19 वर्ष) पुत्र अशोक, मुकेश वर्मा (उम्र 19 वर्ष) पुत्र सुभाष और विकास वर्मा (उम्र 24 वर्ष) पुत्र रामरक्षा निवासी अहिरौली तुलादास गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाल संजय कुमार दूबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया और सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रेलर को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

