
जमीन को लेकर खूनी संघर्ष, पिता-पुत्र को गोली मारी; जमकर चले लाठी-डंडे-पत्थर
सीतापुर में जमीन कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर बवाल हुआ। लाठी- डंडे और पत्थर चले। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी। एक गोली बेटे के कंधे पर लगी वहीं दूसरी गोली पिता की हथेली को छूते हुए निकल गई। मारपीट में दो लोगों को गंभीर चोट आई है। गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई।
यूपी के सीतापुर के नैमिषारण्य के अजीजपुर गांव में रविवार को जमीन कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर बवाल हुआ। लाठी- डंडे और पत्थर चले। इस बीच एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी। एक गोली बेटे के कंधे पर लगी वहीं दूसरी गोली पिता की हथेली को छूते हुए निकल गई। वहीं मारपीट में दो लोगों को गंभीर चोट आई है। गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। बेटे की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, अन्य घायलों की हालत सामान्य है। पुलिस के मुताबिक अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित पक्ष ने ग्राम प्रधान के भाई पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
नैमिषारण्य के अजीजपुर के ठाकुरनगर निवासी प्रधान दिलीप गुप्ता के भाई राजेश गुप्ता उर्फ (खन्ना) ने वर्ष वर्ष 2010 में हरदोई सीतापुर रोड पर चार बीघा जमीन अजीजपुर के इन्द्रपाल के भाई से खरीदी थी। राजेश गुप्ता ने जमीन पर बाउंड्री कराकर रोड की तरफ दुकानें बनवा दी थी। जमीन का पारिवारिक बंटवारा नहीं हुआ था। जमीन का एसडीएम कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। रविवार सुबह राजेश गुप्ता कुछ लोगों के साथ जमीन पर बाउंड्री करवाने पहुंच गए।
राजेश ने निर्माण कार्य शुरू ही किया था तभी इंद्रपाल बेटे शैलेन्द्र के साथ आ गए। दोनों विरोध जताकर काम रुकवाने का दबाव बनाने लगे। दोनों पक्षों में गाली गलौज होने लगी। इस बीच दोनों पक्षों से बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे लेकर आ धमके। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस बीच एक पक्ष से राजेश और बंटी चोटिल हो गए। दोनों के सिर और हाथ पैर में गंभीर चोट आ गई। तभी किसी ने गोली चला दी। एक गोली शैलेन्द्र के कंधे में जा लगी। वहीं दूसरी गोली इंद्रपाल के हाथ को छूते हुए निकल गई। खून से लथपथ शैलेन्द्र जमीन पर गिर पड़ा।
थाना प्रभारी नैमिषारण्य के मुताबिक शैलेन्द्र को जिला अस्पताल भेजवाया गया। जिला अस्पताल में रविवार को एक्सरे न हो पाने के कारण लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। शैलेन्द्र की हालत खतरे से बाहर है। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
10 दिन पहले भी हुआ था विवाद
दस दिन पहले भी जमीन को लेकर राजेश गुप्ता और इन्द्रपाल के बीच विवाद हुआ था। राजेन्द्र ने आरोप लगाया था कि जमीन पर उनका कब्जा है। जमीन पर उन्होंने बाउंड्रीवॉल बनवाई थी। बाउंड्रीवॉल इन्द्रपाल पक्ष के लोगों ने तोड़ दी है। इस मामले में नैमिषारण्य थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था।





