कल यूपी पहुंचेगा वेसल लेकर आ रहा 308 पहियों वाला ट्रक, पास कराने को टूटेंगे तीन फुट ओवरब्रिज

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता
share

बेल्जियम से बलराम चीनी मिल के लिए लाया जा रहा भारी भरकम वेसल अब यूपी की सीमा में प्रवेश करने जा रहा है। इसके लिए तैयारियां हो रही हैं। वाराणसी में रास्ते के तीन फुट ओवरब्रिज को तोड़ा जाएगा।

308-wheeled truck
यूपी आ रहा 308 पहिए वाला ट्रक वेसल के कारण बिहार के मोहनिया में भी फंसा तो ओवरब्रिज को क्रेन से उठाना पड़ा।

बलरामपुर चीनी मिल के लिए बेल्जियम से समुंद्र के रास्ते भारत पहुंचा भारी भरकम वेसल कल यूपी की सीमा में प्रवेश करेगा। अगले दो दिनों में यह चंदौली और उसके बाद वाराणसी से होकर बलरामपुर की ओर बढ़ेगा। इस दौरान इसे पास कराने के लिए वाराणसी में तीन फुट ओवरब्रिज के कुछ हिस्सों को तोड़ा जाएगा। 308 पहियों वाले हाइड्रोलिक ट्रक पर रखकर इस वेसल को लाया जा रहा है। जहां भी यह जा रहा है लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। यूपी में प्रवेश के बाद वाराणसी की सीमा से सकुशल गुजारने के लिए बुधवार को पुलिस, एनएचएआई और अन्य विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से रूट का निरीक्षण भी किया।

भारी-भरकम वेसल लदा करीब 100 फीट लंबा ट्रक सोशल मीडिया पर भी वायरल है। ट्रक अपनी लंबाई-चौड़ाई, बनावट और पहियों के लिए चर्चा में है तो उस पर लदा शुगर मिल का वेसल भी अपने वजन और आकार के लिए कौतूहल बना हुआ है। जिस रास्ते से यह गुजर रहा है, देखने वालों की भीड़ लग जा रही है।

कुछ दूरी तक उल्टी लेन में भी चलेगा

यह वेसल बिहार के रास्ते चंदौली से उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह एनएच-19 से वाराणसी जिले की सीमा में आने के बाद डाफी से सर्विल लेन के रास्ते मोहनसराय तक पहुंचेगा। यहां से इस वाहन को उल्टी लेन पर कर दिया जाएगा। रखौना होते हुए वाहन गंजारी क्रिकेट स्टेडियम तक उल्टी लेन से ही जाएगा। स्टेडियम से रिंग रोड पर अपनी लेन में आ जाएगा। इसके बाद यह रिंग रोड से ही हरहुआ चौराहा होते संदहा के पहले ही यह सर्विस लेन पर उतरकर गाजीपुर फोरलेन से आगे जाएगा।

तीन फुट ओवरब्रिज टूटेंगे

संयुक्त निरीक्षण में बुधवार को सामने आया कि एनएच-19 के दो और चौबेपुर में स्वर्वेद मंदिर के पास के फुट ओवरब्रिज वाहन के गुजरने में बाधा बन सकते हैं। इसके लिए इन्हें तोड़ा जाएगा। मालवाहक के गुजरने के बाद इन्हें फिर से बनवाया जाएगा।

एक दिन चंदौली, दूसरे दिन वाराणसी में रुकेगा

वेसल लेकर आ रहा वाहन एक दिन चंदौली में रुकने के बाद वाराणसी में प्रवेश करेगा। धीमी गति से गुजारते हुए हरहुआ के पास ले जाया जाएगा। हरहुआ के पास भी उसे एक दिन रोका जाएगा।

समुंद्र के रास्त बेल्जियम से ओडिशा आया

शुगर मिल वेसल (औद्योगिक बॉयलर/ रिएक्टर वेसल) बेल्जियम से समुद्र के रास्ते ओडिशा के पारादीप पोर्ट पर शिप के जरिए लाया गया था। वहां से झारखंड होते हुए बिहार के रोहतास, गया, औरंगाबाद, कैमूर पहुंचा। अब चंदौली के रास्ते यूपी में प्रवेश करते हुए वाराणसी से गुजरेगा। विशालकाय वेसल मशीन चीनी मिल और एथेनॉल प्लांट में उत्पादन के लिए इस्तेमाल होगा।

मालवाहक के साथ चल रही विशेषज्ञों की टीम

मालवाहक के आगे दो पायलट वाहन चल रहे हैं। साथ में अन्य वाहनों में विशेषज्ञों की टीम भी है। जहां भी प्रतीत हो रहा है कि सड़क संकरी हो सकती है, तत्काल उसे चौड़ा किया जाता है। फिर मालवाहक गुजारा जाता है। इसके लिए टोल प्लाजा के किनारों से भी सड़क तैयार करने की चर्चा हो रही है। ताकि प्लाजा में प्रवेश करने में परेशानी न हो।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsकल यूपी पहुंचेगा वेसल लेकर आ रहा 308 पहियों वाला ट्रक, टूटेंगे तीन फुट ओवरब्रिज