12वीं पास युवक के खेल से एसटीएफ भी हैरान, 300 का रिचार्ज, दस हजार क्वाइन की कमाई
लखनऊ एसटीएफ और हाईवे पुलिस ने मथुरा में ऑनलाइन गेमिंग और वीडियो कॉलिंग ऐप के माध्यम से अवैध गतिविधियां संचालित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसका मास्टरमाइंड केवल 12वीं पास है।

मथुरा, हिन्दुस्तान संवाद। 300 रुपये का रिचार्ज, हजारों क्वाइन, लाइव होस्टिंग और फिर विदेशी कंपनी से बैंक खातों में भुगतान। चमेट ऐप पर फर्जी आईडी बनाकर लड़कियों से लाइव होस्टिंग कराई जाती थी। मथुरा के मोतीकुंज में कथित तौर पर चल रहे इस नेटवर्क की कड़ियां खुलीं तो लखनऊ एसटीएफ भी हैरान रह गई। 12वीं पास प्रवीन कुमार गिफ्टिंग और वीडियो कॉलिंग से कमाई का खेल चला रहा था।
हांगकांग की विदेशी कंपनी से कमीशन का भुगतान होने और करोड़ों रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आने के बाद एसटीएफ ने रविवार तड़के छापा मारकर मास्टरमाइंड प्रवीन कुमार समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। अब जांच इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में जुटी है।
एसटीएफ उत्तर प्रदेश को काफी समय से चमेट लाइव चैटिंग, वीडियो कॉल और गेमिंग ऐप के माध्यम से कथित अवैध वित्तीय गतिविधियां संचालित करने वाले संगठित गिरोहों की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक विशाल विक्रम सिंह के पर्यवेक्षण में एसटीएफ मुख्यालय की साइबर टीम ने अभिसूचना संकलन शुरू किया। रविवार सुबह मथुरा पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की गई।
एसटीएफ ने प्रवीन कुमार उर्फ प्रकाश निवासी ग्राम सिहोरा, थाना यमुनापार, मथुरा, विपिन कुमार निवासी प्रीति विहार कॉलोनी, लक्ष्मीनगर, जमुनापार, और अर्जुन दिवाकर निवासी 275 मालीपाड़ा, धौली प्याऊ, हाईवे को गिरफ्तार किया है।
ऑनलाइन गेमिंग की लत लगाने का आरोप
एसटीएफ के अनुसार चमेट जैसे ऐप पर कलर प्रिडिक्शन, कार रेसिंग और लकी बॉल जैसे गेम भी खेले जाते थे। आरोप है कि इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को ऐप का आदी बनाया जाता था। ऐप पर पेड वीडियो कॉल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री उपलब्ध कराने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि इन गतिविधियों से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।
मोतीकुंज में किराये पर लिया था कार्यालय
अर्जुन दिवाकर ने पूछताछ में बताया कि उसने मोतीकुंज में कार्यालय किराये पर लिया था। वहां लड़कियों से ऐप पर होस्टिंग कराई जाती थी। वह फर्जी फोटो और गलत नाम से आईडी बनाता था। विपिन कुमार ने भी पूछताछ में प्रवीन के बयान का समर्थन करते हुए बताया कि प्रवीन कुमार, विपिन कुमार, अर्जुन दिवाकर और सोनिया मिलकर गिरोह संचालित करते थे।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास
प्रवीन कुमार व अर्जुन दिवाकर इंटर पास हैं, जबकि विपिन कुमार स्नातक है। इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। एसटीएफ के अनुसार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जाएगा। तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
15 हजार रुपए वेतन पर होती थी भर्ती
लखनऊ एसटीएफ और हाईवे पुलिस ने मोतीकुंज में छापामारी कर जो खुलासा किया है उसमें कई चौकाने वाले खुलासे किए है। इसमें होस्टिंग (बातचीत) के लिए लड़कियों को मात्र 15 हजार रुपये वेतन पर भर्ती किया जाता था और उनकी आईडी भी बनाई जाती थी। एसटीएफ के अनुसार प्रवीन ने हैकर से जानकारी मिलने के बाद अपने होटल में काम करने वाली एक युवती के साथ मिलकर होस्टिंग के लिए लड़कियों की तलाश की। उन्हें 12 से 15 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाता था।
चमेट पर लड़कियों के नाम से फर्जी आईडी
प्रवीन लड़कियों के नाम से चमेट पर फर्जी आईडी बनाता था, जिनके माध्यम से वे पहचान छिपाकर काम करती थीं। भुगतान प्राप्त करने के लिए प्रवीन ने अपने, विपिन और सोनिया के बैंक खाते ऐप से जोड़ दिए थे। एसटीएफ का कहना है कि इन खातों में कमीशन की रकम आने लगी। यह भुगतान फुलियाओ हांगकांग लिमिटेड से आता था।
बार-बार बदलता रहा ऐप का नाम
जांच में यह भी सामने आया कि ऐप का नाम समय-समय पर बदला जाता रहा है। फिलहाल यह चिलचैट नाम से प्ले स्टोर पर पंजीकृत बताया गया है। एसटीएफ के अनुसार प्रवीन ने ऐप के जरिए अपने और गिरोह के अन्य सदस्यों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये अर्जित किए।
2023 में हैकर से हुई थी प्रवीन की मुलाकात
एसटीएफ के अनुसार पूछताछ में प्रवीन कुमार ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी मुलाकात एक हैकर से हुई थी। हैकर ने उसे चमेट वीडियो कॉलिंग ऐप के बारे में बताया और दूसरे व्यक्ति की फोटो लगाकर आईडी बनाने का तरीका समझाया। इससे पहचान छिपाकर ऐप पर काम किया जा सकता था। आईडी में यूपीआई, क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड से रिचार्ज किया जाता था।
300 रुपए में 10 हजार क्वाइन
प्रवीन के अनुसार 300 रुपये में करीब 10 हजार क्वाइन मिलते थे। ऐप पर लड़कियां लाइव होस्टिंग करती थीं। यूजर उनकी आईडी पर जाकर गेमिंग या सामान्य तरीके से गिफ्ट देते थे। एसटीएफ के मुताबिक गिफ्ट में दिए गए क्वाइन का 50 प्रतिशत हिस्सा होस्ट को और बाकी 50 प्रतिशत ऐप को मिलता था। कॉलिंग से होने वाली कमाई में 60 प्रतिशत होस्ट और 40 प्रतिशत कंपनी को मिलता था। क्वाइन जमा होने पर उनकी राशि डॉलर के रूप में दिखाई देती थी। इसके बाद आर्रि पे या ई पे के माध्यम से रकम बैंक खातों में स्थानांतरित की जाती थी।
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक सीपीयू, तीन चेकबुक, एक पासबुक, एक आधार कार्ड, तीन डेबिट कार्ड, मोबाइल में मौजूद चमेट/चिलचैट ऐप से संबंधित साक्ष्यों के 58 स्क्रीनशॉट के प्रिंटआउट और एक कार बरामद की है।


