
मोबाइल देखते-देखते 10 साल के मासूम की मौत, पलंग से गिरते ही थम गईं सांसें
अमरोहा में पलंग पर बैठकर मोबाइल देख रहा दस साल का छात्र अचानक पीछे गिर गया। अचेत हुए छात्र को परिजन आनन-फानन डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया।प्रथम दृष्टया चिकित्सक मौत की वजह हार्ट अटैक माना जा रहा है।
यूपी के अमरोहा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पलंग पर बैठकर मोबाइल देख रहा दस साल का छात्र अचानक पीछे गिर गया। अचेत हुए छात्र को परिजन आनन-फानन डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टप ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी तरह स्वस्थ छात्र की अचानक इस तरह हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं प्रथम दृष्टया चिकित्सक मौत की वजह हार्ट अटैक मान रहे हैं।
ये मामला मंडी धनौरा क्षेत्र के जुझैला गांव का है। जहां दीपक कुमार का दस वर्षीय बेटा मयंक गांव कैसरा के एक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। शनिवार को वह अपने घर ही था और पलंग पर बैठकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान वह अचानक पीछे की ओर गिर पड़ा व अचेत हो गया। परिजन घबरा गए व तत्काल उसे चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकने से मौत होने की आशंका जताई। वहीं परिजनों का कहना है कि मयंक पूरी तरह सामान्य एवं स्वस्थ था। उसे किसी बीमारी की शिकायत भी नहीं थी।
इसके बावजूद उसकी अचानक हुई मौत से जहां परिजनों में कोहराम मचा है तो वहीं हर कोई हैरान है। उधर, घटना की जानकारी पर मृतक के रिश्तेदार व अन्य ग्रामीण मौके पर जुट गए। गमगीन माहौल में परिजनों ने गंगा तट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, इस मामले में सीएचसी प्रभारी डॉ. राहुल कुमार का कहना है कि छोटे बच्चों का दिमाग पूरी तरह परिपक्व नहीं होता है। ऐसे में बच्चों का मोबाइल देना खतरनाक हो सकता है। मोबाइल से निकलने वाली रेडिएशन कान और दिमाग दोनों के लिए हानिकारक है। संबंधित प्रकरण में बच्चा मोबाइल देखते समय चारपाई से गिर गया था। ऐसे में संभव है कि हेड इंजरी की वजह से उसकी मौत हुई हो लेकिन यह जांच का विषय है।





