यूपी में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हादसे में 7 और की जान गई, अब तक 13 लोगों की मौत

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

उत्तर प्रदेश के बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर पिकअप और कैंटर की टक्कर में मरने वालों की संख्या 13 हो गई है। छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। सात लोगों की इलाज के दौरान जान चली गई है। अब भी कई की हालत गंभीर है।

accident on the Eastern Peripheral Expressway
बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद एंबुलेंस से घायलों को ले जाते पुलिस वाले।

यूपी के बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव टोल के पास रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। राजस्थान के बांगड़ धाम से दर्शन कर बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे पिकअप को कैंटर ने टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गया था। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सात अन्य घायलों ने मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसा रविवार की रात करीब साढ़े 12 बजे बड़ागांव टोल के पास हुआ था। पिकअप में कुल 32 श्रद्धालु सवार थे। सभी राजस्थान के बांगड़ धाम से दर्शन कर अपने घर बदायूं लौट रहे थे। कैंटर की जोरदार टक्कर लगते ही पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कई श्रद्धालु वाहन के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद घायलों को तत्काल सीएचसी खेकड़ा और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर उपचार के लिए मेरठ और दिल्ली रेफर किया गया। मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान सात और घायल श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं, 12 घायलों की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद बागपत से लेकर मेरठ तक स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच की जा रही है। हादसे की सूचना पाकर परिजन भी बागपत व मेरठ पहुँच चुके हैं।

एक छोटी पिकअप में 32 श्रद्धालु, नियम ताक पर

हादसे में यह बात भी सामने आई है कि जिस छोटे पिकअप से श्रद्धालु सफर कर रहे थे, उसमें 32 लोग सवार थे। वाहन में जुगाड़ के जरिए ऊपर-नीचे बैठने की व्यवस्था की गई थी और बच्चे व महिलाएं भी उसमें सवार थे। यात्रियों को ले जाने के लिए निर्धारित नहीं होने के बावजूद इतने अधिक लोगों को इस वाहन में बैठाकर लंबी दूरी की यात्रा कराई जा रही थी। हादसे ने सड़क पर नियमों की अनदेखी और ओवरलोडिंग की गंभीर तस्वीर सामने ला दी है।

बागपत में इन श्रद्धालुओं की मौत की हुई पुष्टि

1. मृतक 7 वर्षीय जितेंद्र पुत्र नैनपाल।

2. प्रेमसिंह पुत्र मुंशी 45 वर्ष

3. साधु पुत्र मुंशी 50 वर्ष

4. रामेश्वर उम्र 75 वर्ष

5. सुगड सिंह पुत्र नेत्रपाल उम्र 32 वर्ष

6. मुन्नी पत्नी साधु उम्र 45 वर्ष

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP NewsUP में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हादसे में 7 और की जान गई, अब तक 13 की मौत