यूपी की इतनी महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण, विशेष स्क्रीनिंग अभियान में मिले चौंकाने वाले आंकड़े
प्रदेशभर में कुल 1570 कैंसर स्क्रीनिंग शिविर लगाए जा चुके हैं। इन शिविरों में 16479 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर के लिए जांच की गई, जिनमें से 637 महिलाओं में कैंसर के लक्षण पाए गए। उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए रेफर किया गया। वहीं सर्वाइकल कैंसर के लिए 24892 महिलाओं की स्क्रीनिंग की गई।

उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कैंसर की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष स्क्रीनिंग अभियान के आंकड़े चिंताजनक हैं। शासन के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में 100 शिविर आयोजित कर ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग का निर्देश दिया गया है। बीते 10 फरवरी तक लगे शिविर में प्रदेश की 637 महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर और 958 महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के लक्षण पाए गए हैं। इस मामले में कई जिलों में स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। संबंधित महिलाओं का समय रहते जांच-इलाज न हुआ तो खतरा और बढ़ सकता है। डॉक्टरों ने उन्हें इसके लिए उचित परामर्श दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेशभर में कुल 1570 कैंसर स्क्रीनिंग शिविर लगाए जा चुके हैं। इन शिविरों में 16479 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर के लिए जांच की गई, जिनमें से 637 महिलाओं में कैंसर के लक्षण पाए गए और उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए रेफर किया गया। वहीं सर्वाइकल कैंसर के लिए 24892 महिलाओं की स्क्रीनिंग की गई और 958 महिलाओं में लक्षण मिले हैं। सबसे गंभीर स्थिति कौशांबी की पाई गई है। यहां 2,930 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर जांच में 224 महिलाओं में लक्षण मिले, जबकि ब्रेस्ट कैंसर की जांच में 165 महिलाएं संदिग्ध पाई गईं।
अमेठी, गाजीपुर में भी हालात अधिक चिंतनीय
कौशांबी के साथ ही प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण वाली महिलाएं स्क्रीनिंग में मिली हैं। सर्वाइकल कैंसर के लक्षण वाली अमेठी में 95, गाजीपुर में 63, जालौन में 49 और लखनऊ में 43 महिलाएं मिली हैं।
बरेली : 15 महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर, 7 में मिले सर्वाइकल के लक्षण
बरेली में ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण वाली 15 महिलाएं औेर सर्वाइकल के लक्षण वाली 7 महिलाएं स्क्रीनिंग में मिली हैं। सभी को हायर सेंटर रेफर किया गया है। शासन इनकी स्क्रीनिंग के लिए लगातार एनसीडी क्लीनिक के जरिये नियमित अभियान चला रहा है। इसके तहत लगातार लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
हालत बेहद चिंताजनक
ब्रेस्ट कैंसर के मामले में भी कई जिले चिंता बढ़ा रहे हैं। फिरोजाबाद में 50 महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण मिले, जबकि अमेठी में 37, शामली में 35 और लखनऊ और मुरादाबाद में 33-33 महिलाएं संदिग्ध पाई गईं। गाजीपुर में 50 और वाराणसी में भी बड़ी संख्या में महिलाओं को आगे की जांच के लिए रेफर किया गया है। पूरे स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही महिलाओं में बीमारी की सही स्थिति का पता चल सकेगा।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

