26 साल में AK-47 समेत 56 सरकारी असलहे गायब, गोरखपुर-बस्ती मंडल की रिपोर्ट से हड़कंप

विवेक पांडेय, गोरखपुर
Follow us on Google News
share

यूपी सरकार ने पिछले 26 साल से गायब हुए सरकारी और लाइसेंसी असलहों का हिसाब-किताब जुटाना शुरू किया है। समीक्षा में गोरखपुर-बस्ती परिक्षेत्र के सात जिलों से 56 असलहे गायब होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से 45 असलहे अब तक बरामद नहीं हो सके हैं।

26 साल में AK-47 समेत 56 सरकारी असलहे गायब, गोरखपुर-बस्ती मंडल की रिपोर्ट से हड़कंप

UP News: यूपी सरकार ने साल 2000 से अब तक गायब हुए सरकारी और लाइसेंसी असलहों का हिसाब-किताब जुटाना शुरू किया है। समीक्षा में गोरखपुर-बस्ती परिक्षेत्र के सात जिलों से 56 असलहे गायब होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से 45 असलहे अब तक बरामद नहीं हो सके हैं। गायब हथियारों में पुलिसकर्मियों की सर्विस रिवॉल्वर, पिस्टल, कारबाइन, रायफल और एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार भी शामिल हैं। ज्यादातर में पुलिस ने एफआर लगा दी है यानी उसकी पड़ताल बंद हो गई है।

आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 17 असलहे नेपाल बार्डर के सिद्धार्थनगर जिले से गायब हुए। इनमें से 13 अब तक बरामद नहीं हुए हैं। यहां से गायब हथियारों में एके-47 और 9 एमएम पिस्टल भी शामिल हैं। वर्ष 2015 में गायब हुई 9 एमएम पिस्टल के मामले में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है, जबकि वर्ष 2009 में गायब हुई दूसरी 9 एमएम पिस्टल के मामले में उसी वर्ष अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगा दी गई थी।

महराजगंज और देवरिया तीन-तीन असलहे गायब

महराजगंज में तीन असलहे गायब हुए और कोई भी बरामद नहीं हुआ। देवरिया में तीन असलहे गायब हुए, जिनमें बरहज क्षेत्र से गायब हुई एक सरकारी रिवॉल्वर भी शामिल हैं। इसमें एफआर लग चुकी है। कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। कुशीनगर में गायब हुए चारों असलहे बरामद कर लिए गए हैं। संतकबीरनगर में वर्ष 2021 में एक असलहा गायब हुआ था, जिसकी बरामदगी नहीं हो सकी और मामले में एफआर लग चुकी है। शासन ने सभी जिलों से गायब असलहों की वर्तमान स्थिति, जांच की प्रगति और बरामदगी संबंधी कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इसके बाद पुराने मामलों की दोबारा समीक्षा भी की जा रही है।

गोरखपुर से गायब 13 में से 10 असलहों की तलाश

इसी तरह से बस्ती जिले में 26 साल में 15 असलहे गायब हुए, इनमें से एक भी पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। इन असलहों में कोतवाली बस्ती की सर्विस रिवॉल्वर, इसके अलावा जिले से एक सरकारी रायफल तथा एक कारबाइन भी गायब है। कुछ मामलों में एफआर लग चुकी है, जबकि एक मामला अभी विचाराधीन है। गोरखपुर जिले में 13 असलहे गायब हुए। इनमें सात रिवॉल्वर, तीन पिस्टल और एक सरकारी पिस्टल शामिल है। सरकारी पिस्टल बरामद हो चुकी है और उससे संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। हालांकि कुल 10 असलहे अब भी बरामद नहीं हो सके हैं। वहीं, गोरखपुर-बस्ती मंडल से असलहों के गायब होने की रिपोर्ट सामने आने आने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।