आयुष्मान की लिस्ट में 50 हजार मुर्दे; एक लाख लोगों ने बदला ठिकाना, अब होगा ये ऐक्शन

आशीष दीक्षित, कानपुर
Follow us on Google News
share

कानपुर में करीब 13 लाख 3 हजार 237 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। अब तक करीब 9 लाख 50 हजार 211 लोगों के कार्ड बन चुके हैं। लक्ष्य पूरा करने को कोशिश हो रही है, लेकिन लिस्ट में दर्ज मृतक और ठिकाना बदल चुके लोगों ने टारगेट पूरा करने की राह मुश्किल कर दी है। यह मुश्किल लग रहा है।

Ayushman card Holder
इस जिले की आयुष्मान लिस्ट में 50 हजार मुर्दे, कार्ड बनाने घर-घर पहुंच रही टीम

कानपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम हाथ में आयुष्मान की लिस्ट लेकर घर-घर पहुंची। दरवाजा खुला तो सामने परिवार खड़ा था। टीम ने लाभार्थी का नाम पूछा तो जवाब मिला। इन्हें तो गुजरे कई साल हो गए। दूसरी जगह टीम पहुंची तो पता चला कि जिसे कार्ड देने आए हैं, वह घर ही नहीं, मोहल्ला तक छोड़ चुका है। किसी ने पांच साल पहले ठिकाना बदला, तो किसी ने दस साल पहले। कुछ नाम ऐसे भी निकले, जिनके बारे में मोहल्ले वालों ने साफ कह दिया कि इस नाम का आदमी यहां कभी रहा ही नहीं। आयुष्मान योजना की पात्र सूची का जमीनी सत्यापन शुरू हुआ तो स्वास्थ्य विभाग के सामने ऐसा ही अजब-गजब सच सामने आया है। सूची में करीब 50 हजार मृतकों के नाम अब भी दर्ज हैं। वहीं लगभग एक लाख लोग ऐसे हैं, जो दर्ज पते पर रहते ही नहीं। यानी कार्ड बनाने निकली टीम की कई जगह लाभार्थी की जगह उसकी यादें, बंद दरवाजा या किसी दूसरे परिवार से मुलाकात हो रही है।

लक्ष्य पूरा करने की राह मुश्किल

कानपुर जिले में करीब 13 लाख तीन हजार 237 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। अब तक करीब 9 लाख 50 हजार 211 लोगों को योजना का लाभ मिल चुका है। लक्ष्य पूरा करने को कोशिश हो रही है, लेकिन सूची में दर्ज मृतक और ठिकाना बदल चुके लोगों ने विभाग की राह मुश्किल कर दी है। इस वजह से शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना मुश्किल हो जा रहा है।

अब कागजों में जिंदा लोगों के नाम कटेंगे

आयुष्मान योजना की सूची को साफ-सुथरा करने के लिए शासन ने पहली बार नाम काटने की व्यवस्था की है। योजना के नोडल अधिकारी को सत्यापन के बाद मृतक, अपात्र और गलत पते पर दर्ज लोगों के नाम सूची से हटाने का अधिकार दिया गया है। सीएचसी और अर्बन स्वास्थ्य केंद्र ऐसे नामों की सूची तैयार कर सीएमओ कार्यालय भेजेंगे, जहां जांच के बाद नाम हटाने की कार्रवाई होगी। बताया कि सीएचसी और अर्बन स्वास्थ्य केंद्र एल वन आईडी के माध्यम से मृतकों और पते पर नहीं मिलने वालों के नाम नोडल अफसर को भेजेंगे। नोडल अफसर एल टू आईडी से ये नाम सांची कार्यालय लखनऊ को भेज देंगे।

घर छोड़ा तो फंस सकता है योजना का लाभ

इस व्यवस्था का सबसे बड़ा असर उन लोगों पर पड़ सकता है, जो पात्र होने के बावजूद अपना पुराना पता छोड़ चुके हैं। यदि सत्यापन में उनका नाम सूची से काट दिया गया तो भविष्य में वे दोबारा उसी सूची के आधार पर आयुष्मान योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे। यानी घर बदलना उनके लिए सिर्फ पता बदलने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि योजना के लाभ से भी बाहर कर सकता है।

इनको गुजरे तो कई साल बीत गए

मछरिया में टीम सूची में दर्ज पते पर आयुष्मान कार्ड बनाने पहुंची। नाम पुकारा गया तो सामने परिवार के दूसरे सदस्य आए। पूछताछ में पता चला कि संबंधित व्यक्ति की कई साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार को भी हैरानी थी कि उसका नाम अब तक पात्रों की सूची में कैसे बना हुआ है। वहीं ग्वालटोली में टीम एक लाभार्थी के पते पर पहुंची तो वहां दूसरा परिवार मिला। पड़ोसियों से पता चला कि संबंधित व्यक्ति करीब 10 साल पहले ही मकान छोड़ चुका है। वर्तमान पता किसी को मालूम नहीं था। टीम को बिना कार्ड बनाए लौटना पड़ा।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsआयुष्मान की लिस्ट में 50 हजार मुर्दे; एक लाख लोगों ने बदला ठिकाना, अब होगा ऐक्शन