लखनऊ के इस इलाके में बनने जा रहा 4 लेन ओवरब्रिज, लाखों को जाम से मिलेगी राहत
यूपी की राजधानी लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग स्थित दिलकुशा क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाएगा। लाखों की आबादी को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। लोगों का सफर आसान होगा।
राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए विक्रमादित्य मार्ग स्थित दिलकुशा क्रॉसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाएगा। करीब 650 मीटर लंबे 04 लेन ओवरब्रिज निर्माण से लगभग तीन लाख आबादी को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। साथ ही सुलतानपुर रोड व हजरतगंज, लाल बत्ती चौराहा, कटाई वाला पुल (सोमनाथ द्वार) के आसपास के इलाकों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी। रेलवे, लेसा, ग्रीन गैस और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से प्रस्तावित स्थल का सर्वे किया। इसका मुख्य उद्देश्य निर्माण कार्य में आने वाली बाधाओं, जैसे बिजली की लाइनें, गैस पाइपलाइन और सीवर नेटवर्क को चिन्हित करना है, ताकि समय रहते इन्हें शिफ्ट किया जा सके और निर्माण कार्य निर्बाध रूप से चल सके।
वर्तमान में दिलकुशा रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेनों की आवाजाही के कारण गेट बार-बार बंद होता है, जिससे विक्रमादित्य मार्ग और उसके आसपास के रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। चार लेन का यह पुल बन जाने के बाद वाहन बिना रुके रेलवे लाइन पार कर सकेंगे।
कनेक्टिविटी होगी बेहतर
नए ओवरब्रिज के निर्माण से शहर के कई प्रमुख हिस्सों के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा। हजरतगंज और सुल्तानपुर रोड के बीच की दूरी तय करना अब पहले से कहीं अधिक आसान होगा। लाल बत्ती चौराहा पर लगने वाले ट्रैफिक के बोझ में भारी कमी आएगी। कटाई वाला पुल (सोमनाथ द्वार) के आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
अगले 15 दिनों में निर्माणकार्य शुरू हो जाएगा
यह ओवरब्रिज आधुनिक इंजीनियरिंग मानकों पर तैयार किया जाएगा। इसके बन जाने से एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। रेलवे ने निजी संस्था को निर्माणकार्य की जिम्मेदारी सौंपी है। अगले 15-20 दिनों में निर्माणकार्य शुरू हो जाएगा। ओवरब्रिज निर्माण से वीवीआईपी मूवमेंट वाले विक्रमादित्य मार्ग पर सुरक्षा और सुगमता दोनों का संतुलन बना रहेगा।

लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।
और पढ़ें



