दलदल में फंसा 308 पहियों वाला ट्रक, डबल इंजन हाइड्रा भी नहीं निकाल पाया
308 पहिया वाला मल्टी एक्सल वैक्यूम बॉयलर वैकल्पिक रास्ते के दलदल में फंस गया है। 200 टन वजनी ट्रक को दलदल से निकालने के लिए डबल इंजन हाइड्रा लगा लेकिन उसके पहिए टस से मस नहीं हुए। अब वैकल्पिक रास्ते पर आई बाधा दूर कराने में कई विभागों के कर्मचारी जुटे हुए हैं।

लखीमपुर खीरी जा रहा 308 पहिया वाला मल्टी एक्सल वैक्यूम बॉयलर मंगलवार को डाफी टोल प्लाजा के पास बने वैकल्पिक रास्ते के दलदल में फंस गया। 200 टन वजनी बाहुबली को दलदल से निकालने के लिए डबल इंजन हाइड्रा लगा लेकिन उसके पहिए टस से मस नहीं हुए। वैकल्पिक रास्ते पर आई बाधा दूर कराने में कई विभागों के कर्मचारी जुटे हुए हैं। उम्मीद है कि बुधवार को वह आगे बढ़ेगा।
ओड़ीसा के पारादीप बंदरगाह से वैक्यूम बॉयलर झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों से होता हुआ रविवार को यूपी की सीमा में पहुंचा था। चंदौली से आगे और डाफी टोल प्लाजा से कुछ दूर पहले रूका था। इसके लिए हाइवे की जगह-जगह चौड़ाई बढ़ाने के साथ वैकल्पिक रास्ते भी बनाए जा रहे हैं। डाफी प्लाजा के पास बने वैकल्पिक रास्ते पर बिछी स्लीपर पर जब बाहुबली चढ़ा तो नीचे की जमीन उसके वजन से धंस गई, बॉयलर के पिछले हिस्से के कई चक्के फंस गए। उन्हें निकालने के लिए डबल इंजन की जेसीबी-हाइड्रा लगाई गई लेकिन सफलता नहीं मिली। साथ चल रहे इंजीनियरों ने बताया कि मल्टी एक्सल ट्रेलर को आगे बढ़ाने के लिए दूसरे इंजन मंगाए जा रहे हैं। वहीं, जेसीबी से वैकल्पिक रास्ते को ठीक किया रहा है। बताया जा रहा है कि जल्दबाजी में अस्थायी रास्ते पर गिट्टी पर रोलर नहीं चलाया गया था। ऊपर से लोहे की प्लेट डाल दी गई। जबकि ट्रेलर के लिए एक महीने पहले ही रास्ता बनाने का निर्देश आ गया था।
आकर्षण का केंद्र बना
200 टन वजनी बॉयलर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। दो दिन से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ टोल प्लाजा के पास जुट रही है। लोग बॉयलर को देखने और उसके साथ सेल्फी लेने आ रहे हैं। पुलिस के कुछ जवान भी सेल्फी लेते दिखे। उधर, वाराणसी में बाहुबली के एंट्री की कानोकान खबर हर किसी को हो गई। पता चला कि वह डाफी टोल प्लाजा से पहले लौटूवीर पुलिया पर खड़ा है। बस, फिर क्या? लोगों ने उस ओर रुख किया। देखते ही देखते, वहां लोगों का रेला लग गया। उसे देख हर कोई रोमांचित हो गया। जितने मुंह, उतनी बातें। लंबाई तो कोई वजन और कुछ लोग तो उसकी डिजाइन पर ही माथा खपाते दिखे। कहना गलत नहीं होगा कि 308 पहियों वाले ट्रेलर पर डोलता बॉयलर हर किसी के लिए कौतूहल का विषय बना रहा। सेल्फी लेने के लिए लोगों की उत्सुकता देखते ही बनी।
बॉयलर के साथ चल रहा स्टाफ
कि बॉयलर के साथ दो दर्जन से अधिक लोगों का स्टाफ चल रहा है। इमरजेंसी दिक्कत से निपटने की सारी व्यवस्था है। दर्जनों स्टेपनी रखी गई हैं।


