308 पहियों वाले ट्रक ने गुल कराई कई इलाकों में बिजली, पास कराने के लिए काटे गए तार
बेल्जियम से बलरामपुर चीनी मिल के लिए निकला 308 पहिए वाला ट्रक यूपी के बस्ती पहुंच गया है। यहां इसे पास कराने के लिए कई इलाकों की बिजली काटनी पड़ी।

साऊंघाट (बस्ती), हिन्दुस्तान संवाद। बेल्जियम से लाए गए 200 टन वजनी ब्वायलर को ले जा रहा 308 पहियों वाला ट्रक यूपी के बस्ती पहुंच गया है। एक तरफ बस्ती में इसे देखने की उत्सुकता दिखाई दी तो दूसरी ओर इसी के कारण बिजली कटौती से परेशान भी होना पड़ा। विशालकाय ट्रक पर रखे ब्वायलर की अत्यधिक ऊंचाई के कारण बस्ती के साऊंघाट क्षेत्र के कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही और मार्ग साफ करने के लिए विद्युत विभाग को कई जगह तार काटने पड़े। पॉलीटेक्निक चौराहे से गुजरते समय इस अभूतपूर्व नजारे को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 'साइक्लीजेशन रिएक्टर' नामक यह उपकरण समुद्री रास्ते से भारत लाया गया था, जिसे उड़ीसा के पारादीप बंदरगाह से 308 पहियों वाले विशेष हाइड्रोलिक ट्रेलर पर लादकर लखीमपुर खीरी स्थित बलरामपुर चीनी मिल के नए बायोप्लास्टिक प्लांट में पहुंचाया जा रहा है।
बिजली के तार काटे गए, 7 उपकेंद्रों की आपूर्ति ठप
वाहन की विशालकाय ऊंचाई और चौड़ाई को देखते हुए इसे सुरक्षित गुजारने के लिए बिजली विभाग को बड़े पैमाने पर आपूर्ति बंद करनी पड़ी। ओवरहेड हाई-टेंशन और एलटी लाइनों से टकराने की आशंका के चलते कई स्थानों पर बिजली के तार काटे गए।
सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र के 7 विद्युत उपकेंद्रों को बंद कराना पड़ा, जिससे एक बड़े इलाके में घंटों ब्लैकआउट की स्थिति रही। भारी-भरकम वाहन को बिना किसी दुर्घटना के सुरक्षित निकालने के लिए दो एसडीओ, आधा दर्जन जूनियर इंजीनियर (JE), एनएचएआई का अमला और स्थानीय पुलिस बल लगातार काफिले के साथ तैनात रहा।
6 महीने का सफर, 50 लोगों का अमला और 8 किमी/घंटा की रफ्तार
15 मई 2026 को उड़ीसा के पारादीप बंदरगाह से रवाना हुआ यह 'महाबली' ट्रक यूपी में चंदौली के रास्ते पहुंचने के बाद वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, गोरखपुर और संतकबीरनगर के रास्ते सोमवार सुबह 10 बजे बस्ती जिले के पॉलीटेक्निक चौराहे पर पहुंचा। काफिले के साथ चल रहे तकनीकी स्टाफ ने बताया कि मार्ग में आने वाली यांत्रिक और सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए 50 लोगों की विशेष टीम चौबीसों घंटे साथ चल रही है।
तीन मंजिला मकान के बराबर ऊंचाईं से दिक्कतें
वाहन की लंबाई 41 मीटर, चौड़ाई सात मीटर और जमीन से करीब आठ मीटर ऊंचाई है। तीन मंजिला मकान के बराबर ऊंचाई के कारण इसे पास कराने में दिक्कतें आ रही हैं। कहीं पेड़ तो कहीं तार काटने पड़ रहे हैं। कई स्थानों पर तो अलग से सड़क भी बनानी पड़ी। पॉलीटेक्निक चौराहे पर करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत और तारों को व्यवस्थित करने के बाद वाहन को आगे के लिए रवाना किया गया। किसी भी संभावित तकनीकी बाधा से निपटने के लिए दो बड़ी क्रेन भी काफिले का हिस्सा हैं। इसकी अधिकतम रफ्तार महज 5 से 8 किलोमीटर प्रति घंटा ही रखी गई है।
पूरे पूर्वांचल में बना कौतूहल का केंद्र
बेल्जियम से लखीमपुर खीरी तक का सफर तय कर रहा यह 308 पहियों वाला ट्रक पिछले कई दिनों से पूरे पूर्वांचल क्षेत्र में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है। कई जगहों पर टोल प्लाजा पार कराने के लिए एनएचएआई को बाईपास या कच्चे रास्ते बनाने पड़े हैं। बस्ती से निकलने के बाद अब यह काफिला गोंडा और अयोध्या के रास्ते अपनी अंतिम मंजिल लखीमपुर खीरी की ओर बढ़ रहा है।

