BHU के टेक्नेक्स में छाया साढ़े 3 इंच का नेनो UAV, कीमत डेढ़ करोड़; डॉग रोबो के भी चर्चे
साढ़े तीन इंच के नैनो यूएवी (अनमैन्ड एरियल व्हीकल) ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। इसकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपये है। यह नैनो यूएवी दुश्मन की नजर में आए बिना ऑपरेशन के दौरान आगे आने वाले खतरों से आगाह करता है। सेना के पास इसके डे और नाइट विजन मॉडल मौजूद हैं।

आईआईटी बीएचयू के सालाना तकनीकी कुंभ ‘टेक्नेक्स’ के 87वें संस्करण का शुक्रवार को आगाज हुआ। जिसमें भारतीय सैन्य क्षमताओं और नए आयुधों ने युवाओं को खूब आकर्षित किया। साढ़े तीन इंच के नैनो यूएवी (अनमैन्ड एरियल व्हीकल) ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। इसकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपये है। यह नैनो यूएवी दुश्मन की नजर में आए बिना ऑपरेशन के दौरान आगे आने वाले खतरों से आगाह करता है। सेना के पास इसके डे और नाइट विजन मॉडल मौजूद हैं।
गढ़वाल राइफल्स, पैरा ब्रिगेड और 39 जीटीसी के जवानों और अधिकारियों ने प्रदर्शनी में कई तरह के हथियारों और उपकरणों का प्रदर्शन किया। खास यह था कि युवा इन्हें हाथ में लेकर और सिमुलेटर पर चलाकर अनुभव ले सकते थे। प्रदर्शनी में सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सर्विलांस ड्रोन, एमएमजी, रॉकेट लॉन्चर, ग्रेनेड लॉन्चर, स्नाइपर राइफल, एके-203, असॉल्ट राइफल, क्वार्ड पेडल अनमैन्ड ग्राउंड व्हीकल रखे गए थे। छात्रों ने हालिया ईरान-अमेरिका युद्ध में ड्रोन के इस्तेमाल और इस तकनीकी में भारत की स्थिति के बारे में जिज्ञासाएं जाहिर कीं।
डॉग रोबो की भी रही चर्चा
प्रदर्शनी मे क्वार्ड पेडल अनमैन्ड ग्राउंड व्हीकल (डॉग रोबो) के बारे में सेना के जवान राजेश चुरिया ने जानकारी दी। बताया कि किसी जानवर की तरह चार पैरों पर चलने की खूबी के कारण सेना इसका इस्तेमाल रेगिस्तान और ऊबड़ खाबड़ रास्तों पर करती है। स्नाइपर राइफल, कैमोफ्लाज में छिपे स्नाइपर का प्रदर्शन भी किया गया।
यूनीट्री ह्यूमनॉइड बोला ‘जय हिन्द’
टेक्नेक्स के पहले दिन चीनी ह्यमनॉइड यूनीट्री जी-1 ने ध्यान खींचा। किसी इंसान की तरह यह रोबोट चलने, दौड़ने, सामान उठाने, आदेशों का पालन करने और नृत्य करने में भी सक्षम है। सेना के एक जवान के साथ इस ह्यूमनॉइड ने फोटो खिंचवाई और जवान को ‘जय हिन्द’ कहकर सैल्यूट किया। इसके अलावा भारतीय कंपनी एडवर्ब का डॉग रोबो ‘ट्रैकर’ ने भी करतब दिखाए। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि इसे बनाने में तीन साल लगे।
‘फेरारी’ कार आकर्षण का केंद्र रही
इस मौके पर संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने समारोह का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह आईआईटी के छात्रों के लिए नई और अत्याधुनिक तकनीकों से रूबरू होने के साथ ही एक बड़े आयोजन का बेहतर प्रबंधन सीखने का भी अवसर है। ‘टेक्नेक्स-26’ से संबंधित विभिन्न स्टॉल स्वतंत्रता भवन सभागार में लगाए गए थे तो बाहर ‘फेरारी’ कार आकर्षण का केंद्र रही। फेरारी के इस अमालफी मॉडल की कीमत भारतीय बाजार में 5.59 करोड़ रुपये है। आईआईटी के जिमखाना और राजपूताना मैदान में इन्फॉर्मल्स खंड में पेंटबॉल, वर्चुअल रियलिटी अनुभव और हाई-स्पीड रेसिंग सिमुलेटर ने माहौल जीवंत बना दिया। छात्रों का बनाया आकर्षक वॉल आर्ट भी चर्चा का केंद्र रहा।


