3 बच्चों के पिता की अविवाहित प्रेमिका, मोहब्बत में रोड़ा बना परिवार तो दोनों एक ही फंदे पर लटक गए
3 बच्चों के पिता का लव अफैयर एक अविवाहित लड़की के साथ चल रहा है। मोहब्बत में रोड़ा बना परिवार तो दोनों प्रेमी और प्रेमिका एक ही फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी।

यूपी के हरदोई जिले के कछौना क्षेत्र में तीन बच्चों के पिता ने अपनी अविवाहित प्रेमिका के साथ एक ही साड़ी से घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी लगते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि दो दिन पहले ही पंचायत में प्रेमी के साथ रहने की जिद कर प्रेमिका युवक के घर गई थी। जिसके बाद परिवार में विवाद हुआ था।
पुलिस ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले 33 वर्षीय युवक के तीन बच्चे थे। खेती किसानी और मजदूरी करने वाले इस युवक का अपनी बहन की ससुराल आना जाना था। इसी बीच उसकी एक अविवाहित युवती से नजदीकियां बढ़ गईं। इसकी भनक जब युवक की पत्नी व घरवालों को हुई तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। झगड़ा बढ़ने पर युवक की पत्नी मायके चली गई हालांकि कुछ दिनों पहले ही वह लौट आई।
प्रेमिका को परिजनों ने एक साथ देख लिया
ग्रामीणों के अनुसार दो दिन पहले ही युवक और उसकी अविवाहित प्रेमिका को परिजनों ने एक साथ देख लिया। इस पर घर में काफी हंगामा हुआ। 25 जून को गांव में पंचायत बुलाई गई। इसमें प्रेमिका ने प्रेमी युवक के साथ रहने की जिद पकड़ ली। प्रेमी ने भी हां में हां मिलाई और प्रेमिका व पत्नी को लेकर घर आ गया। 26 जून की शाम एक बार फिर से तनातनी हो गई। देररात प्रेमी और प्रेमिका ने घर पर ही कमरे में एक ही साड़ी से फांसी लगा जान दे दी।
घटना की जांच चल रही
शनिवार सुबह घटना की जानकारी लगते ही कोहराम मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि अभी तक की जांच में आत्महत्या का मामले सामने आया है। घटना की जांच चल रही है।
फिरोजाबाद में युवती लाखों के नगदी-जेवर लेकर प्रेमी संग गई
वहीं फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में थाना नसीरपुर क्षेत्र के एक गांव से एक युवती लाखों के आभूषण, नगदी लेकर अपने दोस्त के संग चली गई। युवती के पिता ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस युवती की तलाश में जुट गई है।21 वर्षीय युवती 23 जून की सुबह परिजनों को बिना कुछ बताए ही घर से चली गई। युवती जाने से पहले घर से ब्रजवाला, एक जोड़ी कुंडल, पूरी कर्धनी, हाफ कर्धनी, 80 हजार रुपये ले गई। जब परिजनों ने युवती को घर से गायब देखा तो हैरत में पड़ गए। उन्होंने उसे सभी संभावित स्थान पर तलाश किया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने नेक सिंह पुत्र होतीलाल निवासी हडौली थाना इकदिल जिला इटावा पर युवती को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


