
6 सार्वजनिक अवकाश शनिवार या रविवार को, यूपी में सरकारी छुट्टियों का कैलेंडर जारी; देखिए लिस्ट
UP Holidays in 2026: अगले साल 6 सार्वजनिक अवकाश शनिवार या रविवार को है। योगी सरकार ने मंगलवार को अगले साल की सरकारी छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। छुट्टियों की संख्या में कोई फेरबदल नहीं किया गया है।
UP Holidays in 2026: अगले साल छह सार्वजनिक अवकाश शनिवार या रविवार को पड़ रहे हैं यानी, अगर ये त्योहार सामान्य कार्यकारी दिवसों में पड़ते तो सरकारी कर्मचारियों के काम के घंटे कम हो सकते थे। लब्बोलुआब यह की सरकारी कर्मचारियों को शनिवार व रविवार के दिन सार्वजनिक अवकाश होने के कारण छह छुट्टियों का नुकसान हो रहा है। दूसरी ओर अगर कर्मचारी अपने अर्जित अवकाशों को चतुराई से खर्चें तो वे साल भर में कम से कम आठ त्योहारी छुट्टियों का आनंद बढ़ा सकते हैं।
प्रदेश सरकार ने मंगलवार को अगले साल की सरकारी छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। छुट्टियों की संख्या में कोई फेरबदल नहीं किया गया है। हजरत अली का जन्म दिवस (3 जनवरी) शनिवार, शिवरात्रि (15 फरवरी) रविवार, ईद (21 मार्च) शनिवार, स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) शनिवार और दीपावली (8 नवंबर) रविवार को पड़ रही हैं।
इन छुट्टियों में बना सकते हैं प्लान
वहीं गुड फ्राइडे (3 अप्रैल), बुद्ध पूर्णिमा (1 मई), रक्षाबंधन (28 अगस्त), जन्माष्टमी (4 सितंबर), महात्मा गांधी जयंती (2 अक्तूबर) और क्रिसमस डे (25 दिसंबर) शुक्रवार के दिन पड़ रहे हैं। यानी, गुरुवार शाम के बाद रविवार तक तो वैसे भी छुट्टियां हैं। हालांकि अगर आगे या पीछे कोई अवकाश ले लिया जाए तो छुट्टियों का यह आनंद बढ़ाया जा सकता है। तय छुट्टियों के आगे-पीछे जोड़कर अगर छुट्टियां प्लान की जा सकें तो एक अच्छी आउटिंग की योजना बनाई जा सकती है। इसी तरह गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) सोमवार को पड़ रहा है। शनिवार, रविवार और सोमवार को कार्यालय बंद रहेंगे। इसके भी सरकारी कर्मचारी अपने लिए एक अवसर की तरह देख सकते हैं।
24 सार्वजनिक अवकाश और 31 निर्बंधित अवकाश
सरकारी कैलेंडर के मुताबिक इस साल सार्वजनिक अवकाशों की संख्या 24 होगी। निर्बंधित अवकाशों की संख्या 31 है। गुरु गोविंद सिंह जयंती (3 जनवरी) और गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस (24 नवंबर) को कार्यकारी आदेशों के अधीन अवकाशों में रखा गया है। इसके लिए अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
होली को लेकर अभी से संशय
होली की छुट्टियों को लेकर सरकारी कर्मचारियों में अभी से चर्चा शुरू हो गई है। छुट्टियों के सरकारी कैलेंडर के मुताबिक होलिका दहन दो मार्च और होली की छुट्टी चार मार्च को है। यानी, तीन मार्च की छुट्टी का जिक्र नहीं है। दो को सोमवार और तीन को बुधवार है। अगर सरकारी कर्मचारी चतुराई से सोमवार की छुट्टी का इंतजाम कर लें तो उन्हें गुरुवार शाम से बुधवार तक का लंबा अवकाश मिल सकता है।
सार्वजनिक अवकाशों की सूची
हजरत अली का जन्म (3 जनवरी), गणतंत्र दिवस (26 जनवरी), महाशिवरात्रि (15 फरवरी), होलिका दहन (2 मार्च), होली (4 मार्च), ईद (21 मार्च), राम नवमी (26 मार्च), महावीर जयंती (31 मार्च), गुड फ्राइडे (3 अप्रैल), अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल), बुद्ध पूर्णिमा (1 मई), बकरीद (27 मई), मोहर्रम (26 जून), स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), बारावफात (26 अगस्त), रक्षा बंधन (28 अगस्त), जन्माष्टमी (4 सितंबर), गांधी जयंती (2 अक्तूबर), दशहरा (20 अक्तूबर), दीपावली (8 नवंबर), गोवर्धन पूजा (9 नवंबर), भैयादूज (11 नवंबर), गुरुनानक जयंती (24 नवंबर) और ्रिसमस डे (25 दिसंबर)।

लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।
और पढ़ें



