करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ नकली नोट: गिरफ्तार मैनेजर के निजी सचिव की कई संपत्तियों का पता चला

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

यूपी के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ से ज्यादा के नकली नोट के मामले में गिरफ्तार मैनेजर के निजी सचिव के यहां एनआईए ने दबिश दी है। उसकी कई संपत्तियों का पता चला है। 

17 crore fake notes in currency chest
बुधवार को नकली नोटों की जांच को लेकर पुलिस अधिकारियों से मिले जांच एजेंसी के अधिकारी।

यूपी के सहारनपुर में पीएनबी की करेंसी चेस्ट में 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोटों के मामले में नेशनल जांच एजेंसी (एनआईए) की पड़ताल तेजी से आगे बढ़ रही है। निलंबित चेस्ट मैनेजर अमित कुमार की गिरफ्तारी के बाद उसके निजी सहायक आदेश कुमार के न्यू नंदपुरी स्थित आवास पर पहुंचकर पुलिस टीम ने दस्तावेजों और कागजात की जांच की। बताया जा रहा है कि आदेश कुमार की न्यू नंदपुरी क्षेत्र में कई संपत्तियां हैं। एनआईए टीम ने स्थानीय लोगों से उसकी संपत्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि इन संपत्तियों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से होता रहा है।

निजी सहायक के आवास पर हुई कार्रवाई को जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है। एनआईए की पड़ताल में अब केवल करेंसी चेस्ट में नकली नोट पहुंचने की परिस्थितियां ही नहीं, बल्कि अमित कुमार से जुड़े लोगों, संपर्कों, दस्तावेजों और संपत्तियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कब्जे में लिए गए दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में नए तथ्य सामने आने की संभावना है।

नकली नोटों की सप्लाई चेन खंगाल रही एजेंसी

माना जा रहा है कि एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अलग-अलग मामलों में सामने आए नकली नोटों के स्रोत, नेटवर्क या सप्लाई चेन में कोई समानता है या नहीं। सहारनपुर में नकली नोटों को लेकर पहले भी पुलिस स्तर पर सतर्कता बरती जाती रही है। पुराने मामलों की जांच के दौरान पुलिस टीम कानपुर तक पहुंची थी। अब एनआईए की पड़ताल में नकली करेंसी के स्रोत के साथ उसे आगे पहुंचाने वाले लोगों और संभावित नेटवर्क की भूमिका भी जांच के केंद्र में है।

एसएसपी कार्यालय पहुंचे एनआईए के एसपी

एनआईए लखनऊ टीम के एसपी पुलिस लाइन स्थित एसएसपी कार्यालय भी पहुंचे। यहां उन्होंने एसएसपी अभिनंदन और एसपी सिटी व्योम बिंदल के साथ मामले को लेकर चर्चा की। बैठक में अब तक सामने आए तथ्यों, जांच की दिशा और पुराने नकली नोटों के मामलों को लेकर जानकारी साझा की गई। एनआईए अधिकारियों के मुताबिक जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। एजेंसी अब तक की पड़ताल के आधार पर दो अन्य आरोपितों तक लगभग पहुंच चुकी है और उनकी गिरफ्तारी जल्द होने के संकेत दिए गए हैं।

हालांकि जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए आरोपितों की पहचान और कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई। जांच का अहम बिंदु यह है कि करेंसी चेस्ट से बरामद इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट वहां तक किस नेटवर्क के जरिये पहुंचे। एजेंसी पुराने मामलों और संदिग्ध लोगों के बीच संभावित कनेक्शन भी तलाश रही है।

नकली करेंसी के इस मामले में विदेशी कनेक्शन की संभावना पर भी एनआईए की नजर है। हालांकि अधिकारियों ने इस संबंध में अभी कोई निष्कर्ष नहीं बताया है। उनका कहना है कि जांच अभी महत्वपूर्ण चरण में है। डिजिटल रिकॉर्ड, वित्तीय लेनदेन और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsकरेंसी चेस्ट में 17 करोड़ नकली नोट: मैनेजर के निजी सचिव की कई संपत्तियां