काम की बात: मुरादाबाद से अलीगढ़ तक बनेगा 115 किमी का ग्रीनफील्ड हाईवे, इन गांवों को मिलेगा फायदा
दिल्ली-लखनऊ एशियन हाईवे के जीरो प्वाइंट से मुरादाबाद-अलीगढ़ नेशनल हाईवे निकलेगा। यह फोर लेन अलीगढ़ के निर्माणाधीन रिंग रोड़ से जुड़ेगा। यह हाईवे करीब 115 किलोमीटर लंबा है। जो 129 ग्राम सभाओं से होकर गुजरेगा।

UP News: दिल्ली-लखनऊ एशियन हाईवे के जीरो प्वाइंट के गजगोला नानकबाड़ी गांव से मुरादाबाद-अलीगढ़ नेशनल हाईवे निकलेगा। यह फोर लेन अलीगढ़ के निर्माणाधीन रिंग रोड़ से जुड़ेगा। 114.950 किलोमीटर लंबा प्रोजेक्ट क्षेत्र के 129 ग्राम सभाओं से होकर गुजरेगा। मुरादाबाद से अलीगढ़ के बीच आवागमन को सुगम, सुरक्षित और तेज बनाने के लिए प्रस्तावित मुरादाबाद-अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। यह हाईवे मुरादाबाद, अमरोहा, संभल और बुलंदशहर से होते हुए अलीगढ़ तक पहुंचेगा।
एनएचएआई की ओर से क्षेत्र की कुल 129 ग्राम सभाओं की भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। संभल क्षेत्र की 38 और गुन्नौर तहसील के 31 गांवों से हाईवे गुजरेगा। जबकि, अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र के इकलौते गांव इमरतपुर इस प्रोजेक्ट में आएगा। लेकिन, अक्तूबर अंत तक गाटा के आधार पर सार्वजनिक सूचना जारी कर दी जाएगी। अक्टूबर महीने के आखिर अंत तक ही फाइनल गाटा भी जारी कर दिया जाएगा। दो महीने बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी।
यह हैं मुरादाबाद जिले के गांव
गजगोला नानकबाड़ी, उमरी, गिन्नौर देह माफी, कस्बा मुरादाबाद, रतनपुर कला, मालीपुर, करीमपुर जब्ती, रसूलपुर हमीर, जाफरपुर, लालपुर गंगवारी, फत्तेहपुर खास, मलकपुर, अजमतपुर, ललवारा, कुतबपुर रायब, खुर्रमनगर बिचौला, मदारपुरा, नौसना शेखूपुर, अल्लापुर भीकन, कलालखेड़ा उर्फ शहजाद खेड़ा, नगलिया मशमूला, महमूदपुर माफी, महमूदपुर माफी, असालतनगर बगा, बहादुरपुर राजपूत। इसे लेकर पीडी एनएचएआई अरविंद कुमार ने बताया कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ क्षेत्रीय व्यापार को भी सहायता मिलेगी। फाइनल सर्वे के बाद गाटा प्रकाशन होगा। भूमि खरीद शुरू होगी।
मुरादाबाद मंडल में लंबाई
मुरादाबाद 15.60 किमी होगी। वहीं, संभल 56.75 किमी और अमरोहा 100 मीटर होगी।
विंध्य एक्सप्रेसवे पर किसानों को बढे़ सर्किट रेट पर मिलेगा मुआवजा
दूसरी ओर विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सोनभद्र जिला प्रशासन एक्सप्रेसवे की जद में आने वाले किसानों की भूमि अधिग्रहण कार्य की प्रकिया भी तेजी से शुरू कर दी है। एक्सप्रेसवे के निर्माण से जिले के विकास को भी गति मिलेगी।
विंध्य एक्सप्रेसवे की जद में जिले के राबर्ट्सगंज, ओबरा और दुद्धी तहसील के किसानों की जमीनें आएंगी। जिला प्रशासन ने एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए सर्वे कार्य के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। इसके तहत सर्किल रेट का भी मूल्यांकन कराया गया। नए सर्किल रेट में भी करीब 15 फीसदी की वृद्धि हुई है। नया सर्किल रेट भी जारी कर दिया गया है। विंध्य एक्सप्रेसवे की जद में आने वाले किसानों की भूमि का मुआवजा भी नए सर्किल रेट से देने की तैयारी की जा रही है।
जिलाधिकारी चर्चित गौंड ने कहा कि एक्सप्रेसवे की जद में आने वाले किसान नए सर्किल रेट की जानकारी तहसील और जिला मुख्यालय से के सकते है। उन्हें किसी भी तरह की कोई समस्या हो तो संबंधित तहसील के साथ ही जिला मुख्यालय पर आकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण के दौरान एक्सप्रेसवे की जद में आने वाले किसानों को नोटिस भी भेजी जाएगी। यदि उन्हें किसी भी तरह की कोई समस्या हो तो वे आपत्ति दर्ज करा सकते है।


